छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री पीएम मोदी से मिले
नई दिल्ली । डेस्क: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी से मिले. इसकी जानकारी पीएमओ इंडिया ने एक्स पर दी है.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक में माओवाद प्रभावित क्षेत्रों को विकास का केंद्र बनाने की रणनीति पेश की. सीएम साय ने बस्तर के विकास के लिये एक मास्टर प्लान प्रस्तुत किया, जिसमें बुनियादी ढांचे, उद्योगों और पर्यटन को बढ़ावा देने की योजनायें शामिल हैं.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 1 नवंबर 2025 को रायपुर में आयोजित अमृत रजत महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने हेतु आमंत्रित किया.
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में राज्य गठन की 25वीं वर्षगांठ अमृत रजत जयंती वर्ष के रूप में मनाई जा रही है. मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ के लिये ऐतिहासिक होगा और प्रधानमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति से इसकी महत्ता और भी बढ़ जायेगी.
बैठक में राज्य की नई औद्योगिक नीति पर चर्चा हुई, जिसमें सिंगल-विंडो क्लीयरेंस, कर छूट और व्यवसाय-अनुकूल नीतियों के माध्यम से प्रमुख कंपनियों को छत्तीसगढ़ आकर्षित करने पर जोर दिया गया.
सीएम साय ने महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास को प्राथमिकता बताते हुये ग्रामीण महिलाओं के लिये स्व-रोजगार और आर्थिक स्वतंत्रता को बढ़ावा देने की योजनाओं का उल्लेख किया.
मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी को बताया कि सुरक्षा बलों और जनसहयोग के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद अपने अंतिम चरण में है.
यह बैठक सीएम साय की पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के साथ पिछली चर्चाओं का हिस्सा है, जिसमें माओवाद को पूरी तरह समाप्त करने और बस्तर के विकास को गति देने की रणनीतियां बनाई गई थीं.