जांजगीर-चांपा में युवती का शव खेत में मिला, हत्या की आशंका
जांजगीर-चांपा । डेस्क: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में ग्राम पीपरा और बरगांव के बीच स्थित मारघाटी के निकट एक खेत में कीचड़ में लिपटी हुई 21 वर्षीय पूजा महंत का शव बरामद हुआ है. प्रारंभिक जांच में पुलिस हत्या की संभावना जता रही है.
मृतका पूजा महंत सोमवार रात करीब 8 बजे अपने गांव किरीत में आयोजित वार्षिक उत्सव देखने गई थीं. सहेलियों और पड़ोसियों के साथ वहां समय बिताने के बाद रात 12 बजे के आसपास वह घर लौटीं. पिता विशंभर दास ने उन्हें देखकर सो गए, लेकिन सुबह उठने पर बेटी घर पर नहीं मिली. परिजनों ने आसपास पूछताछ की, मगर कहीं कोई सुराग नहीं मिला.
मंगलवार सुबह लगभग 9 बजे खेत की जुताई के लिए पहुंचे ग्रामीणों ने कीचड़ से सने एक युवती के शव को देखा. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां पिता ने चप्पल और शारीरिक बनावट से अपनी बेटी पूजा की पहचान की.
पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. एफएसएल टीम और साइबर सेल के विशेषज्ञों ने भी घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया. आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच में पता चला कि पूजा तड़के करीब 4:30 बजे फोन पर बात करते हुए घर से बाहर निकली थीं. उनका मोबाइल फोन अभी तक बरामद नहीं हुआ है.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के नतीजों का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत का सटीक कारण और परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी. साथ ही, पुलिस मोबाइल के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) निकाल रही है.