छत्तीसगढ़: बीजापुर में माओवादी कमांडर उधम सिंह मारा गया
छत्तीसगढ़: बीजापुर में खूंखार माओवादी कमांडर उधम सिंह ढेर
बीजापुर । संवाददाता: पुलिस ने कहा है कि छत्तीसगढ़ के दक्षिण बीजापुर क्षेत्र में गुरुवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई एक बड़ी मुठभेड़ में एक माओवादी उधम सिंह मारा गया. सुरक्षाबलों ने मौके से एक एके-47 (AK-47) राइफल भी बरामद की है.
यह मुठभेड़ सुबह करीब 7:30 बजे चिन्नागेलुर-तर्रेम इलाके में उस समय शुरू हुई, जब जिला रिजर्व गार्ड और कोबरा की संयुक्त टीमें सटीक खुफिया सूचना के आधार पर तलाशी अभियान चला रही थीं. पुलिस के अनुसार, घने जंगल वाले इस इलाके में अभी भी रुक-रुक कर गोलीबारी जारी है.
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मारे गए माओवादी की पहचान उधम सिंह के रूप में हुई है, जो प्लाटून नंबर 30 से जुड़ा माओवादी कमांडर और डिवीजनल कमेटी मेंबर था.
उधम सिंह को दक्षिण बस्तर इलाके में सबसे सक्रिय जमीनी संचालकों में से एक माना जाता था.
हालांकि, पुलिस का कहना है कि मारे गए नक्सली की पहचान और रैंक की विस्तृत पुष्टि तलाशी अभियान पूरा होने और सत्यापन के बाद ही साझा की जाएगी. सुरक्षाबलों ने इलाके में अतिरिक्त जवानों को रवाना किया है और अन्य नक्सलियों या संभावित विस्फोटकों की तलाश के लिए सघन कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है.