बस्तर ओलंपिक ने बस्तर की दशा और दिशा बदल दी- अरुण साव
रायपुर । संवाददाता: बस्तर संभाग में आगामी अक्टूबर-नवंबर में आयोजित होने वाले बस्तर ओलंपिक के लिए पंजीयन सोमवार से शुरू हो गया है. उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने दंतेवाड़ा में आयोजित एक कार्यक्रम में इसकी औपचारिक शुरुआत की.
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक ने बस्तर की दशा और दिशा को बदल दिया है, और यह क्षेत्र जल्द ही विश्व मानचित्र पर अपनी अलग पहचान बनाएगा.
उफ मुख्यमंत्री साव ने बताया कि पिछले वर्ष बस्तर ओलंपिक में 1 लाख 62 हजार खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था, और इस वर्ष 2 लाख खिलाड़ियों के पंजीयन का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने दंतेवाड़ा जिले में विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपये की घोषणा भी की.
खिलाड़ी 20 अक्टूबर तक पंजीयन करा सकते हैं. बस्तर ओलंपिक का आयोजन विकासखंड स्तर पर 25 अक्टूबर से 5 नवंबर, जिला स्तर पर 5 नवंबर से 15 नवंबर, और संभाग स्तर पर 24 नवंबर से 30 नवंबर तक होगा.
वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर अपनी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और खेल प्रतिभाओं के लिए जाना जाता है. बस्तर ओलंपिक इन प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करने का अवसर देगा. उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस आयोजन में भाग लेने की अपील की.
कार्यक्रम में विधायक चैतराम अटामी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती ओजस्वी मंडावी, दंतेवाड़ा जिला पंचायत के अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, उपाध्यक्ष अरविन्द कुंजाम, दंतेवाड़ा नगर पालिका की अध्यक्ष श्रीमती पायल गुप्ता, और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे.