अंबिकापुर: कैदी को VIP ट्रीटमेंट देने पर दो प्रहरी सस्पेंड
अंबिकापुर । संवाददाता: सरगुजा संभाग के केंद्रीय जेल अंबिकापुर में नियमों को ताक पर रखकर एक कैदी को विशेष सुविधाएं मुहैया कराने के मामले में जेल प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. जेल अधीक्षक अक्षय सिंह राजपूत ने ड्यूटी के दौरान घोर लापरवाही बरतने के आरोप में दो प्रहरियों, जयप्रकाश कुजूर और लोकनाथ निषाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
यह कार्रवाई तब हुई जब जेल प्रबंधन को मेडिकल कॉलेज अस्पताल के जेल वार्ड में सुरक्षा मानकों और कारागार नियमों के उल्लंघन की शिकायत मिली थी.
पूरा मामला तब प्रकाश में आया जब मनेद्रगढ़ जेल से स्थानांतरित होकर आए एक सजायाफ्ता कैदी को इलाज के नाम पर अस्पताल के जेल वार्ड में शिफ्ट किया गया.
गंभीर बीमारी के चिकित्सकीय प्रमाण पत्र के आधार पर उसे वहां भर्ती कराया गया था, लेकिन इसकी आड़ में सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया.
जेल अधीक्षक द्वारा किए गए औचक निरीक्षण के दौरान पाया गया कि वार्ड का ताला खुला हुआ था और सुरक्षाकर्मी अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रहे थे.
आरोप है कि निलंबन की कार्रवाई से पहले कैदी के परिजनों को अटेंडेंट के नाम पर अस्पताल में बेरोकटोक आने-जाने की छूट दी गई थी.
इस ढील का फायदा उठाकर कैदी को घर का बना खाना, मिनरल वाटर और मोबाइल फोन जैसी अवैध सुविधाएं दी जा रही थीं.
जेल प्रशासन ने अब कैदी के परिजनों को दी गई अटेंडेंट की अनुमति रद्द कर दी है और मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं. जेल प्रबंधन का कहना है कि व्यवस्था में सेंध लगाने वाले किसी भी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा.