छत्तीसगढ़ में 5 लाख गायें लापता, कांग्रेस का सरकार पर हमला
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में गायों की सुरक्षा और तस्करी का मुद्दा राजनीतिक तूफान का केंद्र बन गया है. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने भारतीय जनता पार्टी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने दावा किया कि पिछले कुछ वर्षों में राज्य से करीब 5 लाख गायें गायब हो चुकी हैं, और सरकार इसकी जवाबदेही तय करने में विफल रही है.
बैज ने कहा कि समोदा, खरोरा और गुल्लू जैसे गांवों में भूख, अपर्याप्त चारे और देखभाल की कमी के कारण हाल के दिनों में 40 से अधिक गायों की मौत हो चुकी है. इसके अलावा, उन्होंने आंकड़े पेश करते हुए बताया कि पिछले ढाई वर्षों में 2,500 से ज्यादा गायें विभिन्न कारणों से मर चुकी हैं. इनमें भूख से 1,200 से अधिक, सड़क हादसों में 850 और जहरीले पदार्थों के सेवन से 200 से ज्यादा गायों की मौत शामिल है.
कांग्रेस नेता ने भाजपा पर गौ माता के नाम पर केवल वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया.
उन्होंने सवाल उठाया कि गौ रक्षक संगठन और भाजपा के सहयोगी संगठन इस मामले पर खामोश क्यों हैं.
बैज ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने कांग्रेस शासनकाल में स्थापित लगभग 10,000 गौठानों को बंद कर दिया, जिससे गौवंश की स्थिति और बिगड़ गई.
कांग्रेस ने इस मामले की गहराई से जांच के लिए एक समिति गठित करने का ऐलान किया है.
साथ ही, पार्टी ने गौठानों को फिर से शुरू करने और गौ तस्करी रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है.
बैज ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने इस दिशा में तत्काल कदम नहीं उठाए, तो कांग्रेस प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करेगी.