शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

जशपुर के तपकरा से 480 नशीली कफ सिरप जब्त

C

CG Khabar

13 अप्रै. 2026, 02:58 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

गिरफ्तार
गिरफ्तार

जशपुरनगर । डेस्क: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ तपकरा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी करते हुए रायगढ़ जा रही एक यात्री बस से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की खेप बरामद की है. 


इस मामले में पुलिस ने बस के चालक, परिचालक और खलासी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है.


दरअसल, 10 अप्रैल की देर रात तपकरा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार से रायगढ़ की ओर जा रही ‘वासुदेव बस’ में नशीले कफ सिरप की तस्करी की जा रही है. 


खबर मिलते ही पुलिस टीम ने रात करीब पौने बारह बजे थाने के सामने मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर दी. जैसे ही बस वहां पहुंची, उसे रोककर बारीकी से तलाशी ली गई. 


जांच के दौरान बस की डिक्की में रखे दो संदिग्ध झोलों से चार कार्टून मिले, जिनमें 100-100 एमएल की कुल 480 शीशी 'ऑनरेक्स' कफ सिरप छिपाकर रखी गई थी.


पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में बस स्टाफ ने पहले तो गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती बरतने पर उन्होंने सच उगल दिया. 


आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे कोडीन फास्फेट युक्त इस प्रतिबंधित खेप को बिहार के गया जिले से लेकर आए थे और इसे रायगढ़ में खपाने की तैयारी थी. जब्त किए गए सिरप की अनुमानित कीमत करीब 96 हजार 720 रुपए बताई जा रही है.


पुलिस ने इस अवैध तस्करी के आरोप में बसंत पटेल (कंडक्टर), सतीश कुमार चौहान (खलासी) और भोला राम (ड्राइवर) को हिरासत में ले लिया है. आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(C) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है. पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बस को भी जब्त कर लिया है और कोर्ट के आदेश पर तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP