रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़: 'ऑपरेशन निश्चय' के तहत 46 वांछित अपराधी गिरफ्तार

C

CG Khabar

06 अप्रै. 2026, 07:09 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

ऑपरेशन निश्चय
ऑपरेशन निश्चय

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की रायपुर रेंज पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और संगठित कार्रवाई करते हुए 'ऑपरेशन निश्चय' के जरिए कानून का शिकंजा कस दिया है. 4 और 5 अप्रैल को चले इस 48 घंटे के सघन महाभियान में रायपुर ग्रामीण, बलौदाबाजार-भाटापारा, गरियाबंद, धमतरी और महासमुंद जिलों में एक साथ 95 विशेष पुलिस टीमों ने 384 संदिग्ध ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी. 


इस व्यापक घेराबंदी ने न केवल अपराधियों में खौफ पैदा किया, बल्कि पुलिस ने सालों से चकमा दे रहे 46 वारंटियों को भी सलाखों के पीछे पहुंचा दिया, जिनमें 14 स्थायी वारंटी शामिल हैं.

विज्ञापन


आईजी कार्यालय के कड़े निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस ने नशे के काले कारोबार की कमर तोड़ते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत 22 मामले दर्ज किए और लगभग 22 किलोग्राम मादक पदार्थ सहित नशीली गोलियां जब्त कीं. 


आबकारी विभाग के साथ तालमेल बिठाकर 126 केस दर्ज किए गए, जिसमें 800 लीटर से अधिक अवैध शराब और सैकड़ों शीशियां बरामद की गईं. 


हथियारों की धरपकड़ करते हुए आर्म्स एक्ट के तहत दो पिस्टल भी पुलिस के हाथ लगी हैं. 


जिलावार आंकड़ों पर गौर करें तो महासमुंद से सबसे अधिक 10.5 किलो ड्रग्स और गरियाबंद में रिकॉर्ड 119 छापेमारी की गई. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि 'ऑपरेशन निश्चय' कोई एक बार की कार्रवाई नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों और तस्करों के खिलाफ जारी रहने वाला एक निरंतर प्रहार है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP