शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

सांभर का शिकार करने वाले 12 गिरफ्तार

सांभर का शिकार का शिकार करने वाले 12 गिरफ्तार

C

CG Khabar

19 दिस. 2025, 08:01 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

शिकारी गिरफ्तार
शिकारी गिरफ्तार

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में स्थित उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व (USTR) की एंटी-पोचिंग टीम ने एक नर सांभर के शिकार के आरोप में 12 लोगों को गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई में आधुनिक तकनीक और जमीनी खुफिया तंत्र का बेहतरीन तालमेल देखने को मिला.


जांच के अनुसार, घटना की शुरुआत 11 दिसंबर को हुई जब सिहार गांव के निवासी एक स्थानीय देवता के उत्सव के लिए दंदईपानी गांव गए थे. अगले दिन, सिहार, दंदईपानी और चिन्हरापारा गांवों के 17 लोगों के एक समूह ने कुल्हाड़ीघाट रेंज के जंगलों में प्रवेश किया और तीर-धनुष से एक नर सांभर का शिकार किया.


वन विभाग ने आरोपियों को पकड़ने के लिए बहुस्तरीय रणनीति अपनाई. कैमरा ट्रैप को संदिग्ध गतिविधियों को रिकॉर्ड करने के लिए उपयोग किया गया.

डॉग स्क्वॉड की मदद से शिकारियों के पदचिह्नों और गंध का पीछा करने में मदद मिली. इसके अलावा स्थानीय मुखबिरों के जरिए संदिग्धों के ठिकानों की सटीक जानकारी जुटाई गई.


मंगलवार को मैनपुर और उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व गरियाबंद की संयुक्त टीम ने संदिग्धों के घरों पर छापेमारी की. इस दौरान महादेव कमार, बृजलाल नवल कमार और राधेश्याम नवल कमार के पास से 510 ग्राम मांस और सांभर के दो सींग बरामद किए गए. इसके अलावा, अधिकारियों ने दो धनुष, नौ तीर और जंगली सूअर के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले चार क्लच-वायर फंदे भी जब्त किए हैं.


घटनास्थल से हड्डियों के अवशेष, मांस के टुकड़े और एक अस्थायी चूल्हा भी मिला है, जो इस बात की पुष्टि करता है कि शिकार के बाद वहां मांस पकाया गया था. फिलहाल पुलिस और वन विभाग अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP