CBSE पेपर चेकिंग विवाद: चेयरमैन और सचिव का तबादला
नई दिल्ली । डेस्क: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के नए ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) सिस्टम को लेकर उपजे विवाद के बाद सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. सरकार ने कार्रवाई करते हुए सीबीएसई के चेयरमैन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया है. इसके साथ ही ऑन-स्क्रीन मार्किंग व्यवस्था की खरीद प्रक्रिया में हुई गड़बड़ियों की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है.
सरकारी अधिसूचना के अनुसार, क्षमता निर्माण आयोग (CBC) की चेयरपर्सन एस. राधा चौहान को इस जांच समिति का एकमात्र सदस्य नियुक्त किया गया है. उन्हें जांच के लिए आवश्यकतानुसार अन्य अधिकारियों की मदद लेने का अधिकार दिया गया है, और आयोग उन्हें इस काम में सचिवीय सहायता प्रदान करेगा. समिति को एक महीने के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) को सौंपने का निर्देश दिया गया है.
यह प्रशासनिक फेरबदल उसी दिन देखने को मिला जब सीबीएसई ने कक्षा 12वीं के छात्रों के लिए अंकों के पुनर्मूल्यांकन (Re-verification) का पोर्टल लाइव किया. हालांकि, पोर्टल शुरू होने के कुछ ही घंटों के भीतर इस पर बड़े साइबर हमले की बात सामने आई.
बोर्ड के मुताबिक, एक समय पर पोर्टल पर महज दो मिनट के भीतर करीब 15 लाख हिट्स दर्ज किए गए, जिसे छात्रों को सेवा से वंचित करने (डिनायल ऑफ सर्विस) की एक कोशिश माना जा रहा है. इसके अलावा, दुर्भावनापूर्ण तत्वों द्वारा फाइलों में अनधिकृत सेंधमारी के भी एक लाख से अधिक प्रयास पकड़े गए हैं.
तकनीकी दिक्कतों के कारण यह पोर्टल अपने तय समय से एक दिन की देरी से शुरू हो पाया था, जिससे पहले ही छात्रों और अभिभावकों में असमंजस की स्थिति बनी हुई थी.
हालांकि, सीबीएसई का कहना है कि वे अपने हैदराबाद स्थित सर्विस प्रोवाइडर के साथ मिलकर ऑनमार्क (OnMark) पोर्टल की सुरक्षा को मजबूत कर रहे हैं ताकि छात्रों को अंकों के सत्यापन और उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन के लिए एक पारदर्शी और सुरक्षित मंच मिल सके.