छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर 13.63 लाख का गांजा जब्त, 4 तस्कर गिरफ्तार
महासमुंद । संवाददाता: ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर की जा रही मादक पदार्थों की तस्करी पर पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है. महासमुंद जिले के कोमाखान थाना क्षेत्र में आने वाले टेमरी चेकपोस्ट पर नाकाबंदी के दौरान दो मोटरसाइकिलों से 27.260 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया.
अंतरराज्यीय सीमा पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने एक दंपति (पति-पत्नी) समेत कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनके साथ मौजूद एक नाबालिग के खिलाफ विधि अनुसार कार्रवाई की जा रही है. जब्त किए गए गांजे का बाजार मूल्य लगभग 13.63 लाख रुपये आंका गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो बाइकों पर सवार होकर कुछ लोग ओडिशा के बालीगुड़ा से गांजे की बड़ी खेप लेकर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ की तरफ जा रहे हैं. इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर स्थित जांच नाके की घेराबंदी की गई.
संदिग्ध वाहनों को रोककर जब उनकी बारीकी से तलाशी ली गई, तो उनके पास से कुल 27.260 किलो गांजा बरामद हुआ.
इस तस्करी में धरमजयगढ़ (रायगढ़) निवासी 27 वर्षीय बजरंग यादव, उसकी 20 वर्षीय पत्नी जीवन्ती महंत और जेलपारा निवासी 25 वर्षीय राजेश्वर सारथी शामिल थे.
पुलिस ने गांजे के साथ-साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलें (पैशन प्लस व स्प्लेंडर) और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं. कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 14.88 लाख रुपये बताई जा रही है. कोमाखान पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.