गांजा तस्करी: जशपुर पुलिस ने जब्त की 1.20 करोड़ की खेप
जशपुरनगर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा रेंज में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष 'ऑपरेशन आघात' के तहत पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. जशपुर पुलिस ने ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते होने वाली अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए महज 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया है.
इस संयुक्त अभियान में पुलिस ने 1 करोड़ 20 लाख 82 हजार 400 रुपये मूल्य का 552 किलोग्राम से अधिक गांजा और तस्करी में इस्तेमाल हो रही तीन लग्जरी कारें जब्त की हैं. मौके से रेकी करने वाले दो आरोपियों को दबोच लिया गया है, जबकि दो अन्य तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहे.
सरगुजा रेंज के आईजी दीपक कुमार झा के मार्गदर्शन और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के कुशल निर्देशन में इस पूरी कार्रवाई का खाका बुना गया था. एमसीबी पुलिस से मिली एक सटीक खुफिया सूचना के आधार पर साइबर सेल के साथ कुनकुरी, बगीचा और नारायणपुर थाने की टीमों ने संयुक्त रूप से रणनीतिक नाकेबंदी की, जिसके बाद तस्कर पुलिस के जाल में फंस गए.
पहली कार्रवाई: कुनकुरी में 311 किलो गांजा छोड़कर भागा चालक
संदेह के आधार पर कुनकुरी पुलिस टीम ने एक संदिग्ध इनोवा कार (ओडी-17जे-0205) का पीछा करना शुरू किया. पुलिस को पीछे आता देख तस्कर वाहन को रास्ते में ही छोड़कर पास के घने जंगलों में फरार हो गया. जब पुलिस ने लावारिस हालत में मिली कार की बारीकी से तलाशी ली, तो उसमें से 311.350 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता का गांजा बरामद हुआ. बाजार में इस गांजे की कीमत करीब 46.70 लाख रुपये और जब्त की गई इनोवा की कीमत 15 लाख रुपये आंकी गई है.
दूसरी कार्रवाई: बगीचा में ब्रेजा और आर्टिगा की घेराबंदी, रेकी करने वाले गिरफ्तार
दूसरी बड़ी सफलता बगीचा थाना क्षेत्र में मिली, जहां पुलिस की टीम ने घेराबंदी करके ब्रेजा और आर्टिगा कारों को रोका. हालांकि, ब्रेजा कार का चालक मौका पाकर भागने में सफल रहा, लेकिन आर्टिगा कार में सवार दो युवकों को पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दबोच लिया. इन दोनों कारों से पुलिस को 240.810 किलोग्राम गांजा मिला.
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान ओडिशा के सुंदरगढ़ निवासी सचिन्द्र राउत (29 वर्ष) और मोहम्मद समीर (26 वर्ष) के रूप में हुई है. कड़ी पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि वे मुख्य तस्करों की गाड़ियों के आगे-आगे चलकर रास्ते की टोह (रेकी) ले रहे थे, ताकि पुलिस चेकिंग से बचा जा सके. दोनों ही आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है.
बेहतर तालमेल से मिली बड़ी सफलता: एसएसपी
इस पूरी कार्रवाई को लेकर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि सरगुजा संभाग में अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ लगातार निगरानी रखी जा रही है. अलग-अलग जिलों के पुलिस तंत्र के बीच मजबूत समन्वय और सटीक सूचना तंत्र के कारण ही इतनी बड़ी कामयाबी संभव हो पाई है.
उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले में फरार दोनों चालकों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और इस पूरे अंतरराज्यीय नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने के लिए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है.