कनाडा: भारतीय मूल के व्यक्ति की मौत पर भड़के एलन मस्क
नई दिल्ली । डेस्क: कनाडा के एडमोंटन में एक भारतीय मूल के व्यक्ति की अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में आठ घंटे तक इलाज का इंतज़ार करने के बाद मौत हो गई, जिस पर टेक दिग्गज एलन मस्क ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस घटना की आलोचना करते हुए कनाडा की सरकारी स्वास्थ्य प्रणाली की तुलना अमेरिका के 'DMV' (मोटर वाहन विभाग) से की, जो अपनी सुस्ती और अक्षमता के लिए बदनाम है.
मस्क ने लिखा, "जब सरकार चिकित्सा सेवा प्रदान करती है, तो वह उतनी ही अच्छी होती है जितना कि DMV."
मृतक की पहचान 44 वर्षीय प्रशांत श्रीकुमार के रूप में हुई है, जो एडमोंटन में एक अकाउंटेंट थे. 22 दिसंबर को काम के दौरान उनके सीने में तेज दर्द हुआ, जिसके बाद उन्हें अल्बर्टा के ग्रे नन्स अस्पताल ले जाया गया.
परिजनों के अनुसार, अस्पताल में उनका ईसीजी (ECG) किया गया और दर्द के लिए टाइलेनॉल दवा दी गई, लेकिन उन्हें करीब आठ घंटे तक वेटिंग एरिया में ही बिठाए रखा गया.
प्रशांत के पिता कुमार श्रीकुमार ने बताया कि उनके बेटे ने अस्पताल के कर्मचारियों से कहा था कि उनका दर्द "10 में से 15" के स्तर पर है और वह उसे बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं.
इस घटना के बाद कनाडा के भारतीय समुदाय में भारी रोष है और लोग अस्पताल में बिस्तरों की कमी और लंबी वेटिंग लिस्ट पर सवाल उठा रहे हैं.
अस्पताल का संचालन करने वाली संस्था 'कवेनेंट हेल्थ' ने गोपनीयता का हवाला देते हुए इस मामले पर सीधे टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है, हालांकि उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है. फिलहाल इस मामले की जांच मुख्य चिकित्सा परीक्षक कार्यालय द्वारा की जा रही है.