रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

नशे में धुत्त दूल्हे को दुल्हन ने जड़ा थप्पड़, बारात को बैरंग लौटाया

C

CG Khabar

25 जून 2026, 01:51 PM 3 मिनट में पढ़ें 2

मुस्कान प्रधान-कलेक्टर
मुस्कान प्रधान-कलेक्टर

जांजगीर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में कोसमंदा गांव में एक 22 वर्षीय युवती मुस्कान प्रधान ने शादी के मंडप में उस समय विवाह करने से साफ इनकार कर दिया, जब उसने देखा कि उसका होने वाला पति शराब के नशे में पूरी तरह धुत्त था. इतना ही नहीं, दूल्हे की हालत देखकर गुस्से से लाल हुई दुल्हन ने लोक-लाज की परवाह किए बिना मंडप में ही उसे एक जोरदार थप्पड़ जड़ दिया और बारात को वापस भेज दिया. बेटी के इस साहसिक फैसले में उसके पूरे परिवार ने उसका डटकर साथ दिया.


यह मामला तब बिगड़ा जब 23 जून की रात खोखरा गांव से बारात मुस्कान के घर पहुंची. द्वार पूजा की रस्म के दौरान ही वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई कि दूल्हा और उसके दोस्त अत्यधिक शराब पीकर आए हैं. जैसे ही यह बात मुस्कान तक पहुंची, उसने बिना देर किए घर की दहलीज पार की और दूल्हे की हरकत पर उसे सबक सिखा दिया. 

विज्ञापन


इसके बाद दुल्हन के परिवार ने बारात को वापस जाने को कहा, जिस पर दोनों पक्षों के बीच विवाद और धक्का-मुक्की शुरू हो गई. सूचना मिलते ही चांपा पुलिस मौके पर पहुंची और सूझबूझ से स्थिति को संभाला, जिसके बाद बारात को खाली हाथ लौटना पड़ा.


मुस्कान की मां सविता प्रधान ने बताया कि उनके दिवंगत पति भी अत्यधिक शराब पीने के आदी थे, जिसके कारण 15 साल पहले उनका निधन हो गया था. मुस्कान और उसके भाई-बहनों ने बचपन से ही शराब के कारण बिखरते परिवार और दुखों को बेहद करीब से देखा था. 


आर्थिक तंगी की वजह से मुस्कान केवल दसवीं तक ही पढ़ सकी और बड़ी बेटी होने का फर्ज निभाते हुए वह सिलाई-कढ़ाई कर घर चलाने में मदद करने लगी. वह किसी भी कीमत पर अपने भविष्य को फिर से उसी ढर्रे पर नहीं धकेलना चाहती थी.


मुस्कान के इस कड़े और प्रेरणादायक कदम की गूंज प्रशासनिक गलियारों तक भी पहुंची है. जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडे और कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मुस्कान के हौसले की सराहना करते हुए उसे सम्मानित किया है. 


एसपी ने मुस्कान को 5,000 रुपये प्रति माह के मानदेय पर पुलिस विभाग में एक काउंसलर के रूप में नियुक्त किया है, ताकि वह अन्य महिलाओं को जागरूक कर सके. 


वहीं, कलेक्टर ने उसे आगे की पढ़ाई, व्यावसायिक प्रशिक्षण और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का पूरा भरोसा दिया है. जिला प्रशासन के इस कदम की सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर जमकर सराहना हो रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP