शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

पटना के गंगा घाट के पास नाव पलटी, 2 की मौत, 5 लापता

C

CG Khabar

28 मई 2026, 07:23 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

पानी में डूबना
पानी में डूबना

पटना । डेस्क: बिहार के पटना जिले में गुरुवार सुबह उमानाथ गंगा घाट के पास करीब 14 यात्रियों से भरी एक छोटी नाव गंगा नदी में पलट गई. इस दर्दनाक हादसे में अब तक 2 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 5 अन्य लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश में बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है.


मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 5:45 बजे की है, जब सभी यात्री मोहिउद्दीननगर ब्लॉक के सुल्तानपुर दियारा से लौट रहे थे. इसी दौरान अचानक तेज हवाएं चलने लगीं, जिससे संतुलन बिगड़ने के कारण नाव बीच नदी में ही पलट गई. घटना के वक्त मौके पर मौजूद अन्य नावों की मदद से 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.


बाढ़ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) रामकृष्ण ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि नाव पर कुल 14 लोग सवार थे. तेज हवाओं के कारण यह हादसा हुआ, जिसमें 7 लोग सुरक्षित हैं, 2 के शव मिले हैं और 5 लोग अभी भी लापता हैं. 


घटना की सूचना मिलते ही SDRF की टीमों को तुरंत मौके पर रवाना कर दिया गया है, जो नदी में लापता लोगों की तलाश के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं. स्थानीय प्रशासन मामले पर नजर बनाए हुए है और विस्तृत जानकारी का इंतजार है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP