शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

बिलासपुर: गणेश पंडाल के पास DJ विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या

C

CG Khabar

14 सित. 2026, 06:41 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

चाकू से हत्या
चाकू से हत्या

बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत संबलपुरी गांव में गणेश चतुर्थी के अवसर पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. सोमवार शाम राशन दुकान के समीप स्थापित गणेश पंडाल के पास डीजे साउंड सिस्टम बजाने की बात को लेकर दो युवकों के बीच तीखी बहस हो गई. देखते ही देखते यह विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया, जिसमें 23 वर्षीय अमन सूर्यवंशी ने अपने पास मौजूद चाकू से 22 वर्षीय आकाश सूर्यवंशी के सीने पर लगातार कई घातक वार कर दिए. 


ताबड़तोड़ हमले से खून से लथपथ आकाश मौके पर ही गिर पड़ा, जिससे वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई.


घटना की तुरंत सूचना ग्रामीणों द्वारा डायल 112 को दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने गंभीर रूप से घायल आकाश को उपचार के लिए तत्काल सिम्स अस्पताल पहुँचाया. हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया. 


वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अमन सूर्यवंशी को हिरासत में ले लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्च्युरी भेजकर मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी है.


पुलिस और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी अमन सूर्यवंशी गंभीर रूप से नशे का आदी है और घटना के वक्त भी वह अत्यधिक नशे की हालत में था. 


सिविल लाइन सीएसपी परमेश्वर तिलकवार के मुताबिक, आरोपी का परिवार उसकी नशे की लत छुड़ाने के लिए उसे कई बार नशामुक्ति केंद्र भेज चुका था. वह हाल ही में नशामुक्ति केंद्र से दो-तीन साल बिताकर लौटा था, लेकिन उसकी लत नहीं छूटी थी. फिलहाल सकरी थाना पुलिस घटनास्थल से प्रासंगिक साक्ष्य जुटाकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP