शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

बिलासपुर रेल हादसा: कांग्रेस ने कहा- रेलवे की लापरवाही, मिले 1 करोड़ मुआवज़ा

C

CG Khabar

05 नव. 2025, 12:36 AM 3 मिनट में पढ़ें 1

बिलासपुर रेल हादसा
बिलासपुर रेल हादसा

बिलासपुर | संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मंगलवार को हुए भीषण रेल हादसे को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी तेज़ हो गई है. कांग्रेस ने इस घटना को रेलवे की गंभीर लापरवाही बताते हुए केंद्र सरकार से मुआवज़े और उच्च स्तरीय जांच की मांग की है. कांग्रेस का कहना है कि मृतकों के परिजनों को 1 करोड़ रुपए का मुआवज़ा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए. वहीं, घायलों को 10 लाख रुपए और मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जाए.


पार्टी ने आरोप लगाया कि यह हादसा रेलवे कर्मचारियों के बीच समन्वय की कमी और सुरक्षा तंत्र की विफलता का नतीजा है. कांग्रेस ने सवाल उठाया कि कोयले से लदी मालगाड़ी उस ट्रैक पर कैसे पहुंच गई, जिस पर पैसेंजर ट्रेन पहले से चल रही थी, और ट्रेन ड्राइवर को इसका संकेत क्यों नहीं मिला. कांग्रेस ने मांग की है कि घटना की उच्च स्तरीय जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों.


यह हादसा गटौरा स्टेशन के लाल खदान क्षेत्र के पास हुआ, जब कोरबा पैसेंजर ट्रेन और एक मालगाड़ी के डिब्बों के बीच ज़बरदस्त टक्कर हुई. बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 16-17 यात्री घायल हैं, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हादसे की जानकारी लेते हुए मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपए और गंभीर घायलों को 5 लाख रुपए के मुआवज़े की घोषणा की है. वहीं छत्तीसगढ़ सरकार ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है.


कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार है, इसलिए हम मांग करते हैं कि मृतक परिवारों को 1 करोड़ रुपए मुआवज़ा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए. घायलों का इलाज अच्छे अस्पतालों में कराया जाए और उन्हें भी उचित आर्थिक सहायता मिले.


हादसे के बाद कोरबा-बिलासपुर रूट पर ट्रेनों का संचालन फिलहाल ठप है. आजाद हिंद एक्सप्रेस, हीराकुंड एक्सप्रेस, बिलासपुर-टाटा एक्सप्रेस और अमरकंटक एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें 4-5 घंटे की देरी से चल रही हैं. इसके अलावा बिलासपुर-कटनी मार्ग और हावड़ा रूट की कई ट्रेनों को या तो रद्द कर दिया गया है या डायवर्ट किया गया है.


दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों और परिजनों की मदद के लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं- चांपा जंक्शन के लिए 808595652, रायगढ़ के लिए 975248560, पेंड्रा रोड के लिए 8294730162, और एक्सीडेंट स्पॉट के लिए 9752485499 व 8602007202. 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP