शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

बिलासपुर: मोबाइल ठीक न होने से दुखी 9वीं की छात्रा ने की आत्महत्या

C

CG Khabar

02 अग. 2026, 02:06 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

फांसी लगाकर आत्महत्या
फांसी लगाकर आत्महत्या

बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित सिविल लाइन थाना क्षेत्र में खराब मोबाइल तुरंत न सुधर पाने के कारण 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. मृतका की पहचान मगरपारा मरारगली निवासी मनोज कुमार पाण्डेय की पुत्री वंशिका पाण्डेय के रूप में हुई है, जो अंबेडकर स्कूल में पढ़ाई करती थी. 


घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है.


घटना वाले दिन वंशिका का मोबाइल खराब हो गया था और वह उसे जल्द से जल्द ठीक कराने के लिए परेशान थी. जब उसने अपने पिता से इसे तुरंत बनवाने की जिद की, तो पेशे से इलेक्ट्रिशियन पिता ने काम के पैसे मिलते ही मोबाइल सुधरवाने का भरोसा दिया और अपने काम पर निकल गए. 


इसके बाद घर में अकेली मौजूद छात्रा ने कमरे के पंखे के हुक में साड़ी का फंदा बनाकर यह आत्मघाती कदम उठा लिया.


कुछ समय बाद जब छात्रा का चचेरा भाई नहाने के लिए उस तरफ गया, तब उसने कमरे का दरवाजा खोलते ही वंशिका को फंदे पर लटका पाया. उसके शोर मचाने पर पहुंचे परिजनों ने आनन-फानन में फंदा काटकर उसे नीचे उतारा और इलाज के लिए तत्काल सिम्स अस्पताल ले गए, हालांकि डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. 


फिलहाल सिविल लाइन थाना पुलिस परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले के सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल कर रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP