शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

बीजापुर: प्रेमिका ने जाल बिछाकर प्रेमी की हत्या

C

CG Khabar

11 जुल. 2026, 01:45 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

हत्या
हत्या

बीजापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में मिरतुर थाना क्षेत्र के रहने वाले एक युवक की उसकी ही शादीशुदा प्रेमिका ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर बेरहमी से हत्या कर दी. युवती ने पहले युवक को बहला-फुलाकर अपने घर बुलाया और फिर सुनियोजित तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया. जगदलपुर के मेकाज (मेडिसीन कॉलेज अस्पताल) में इलाज के दौरान पीड़ित युवक ने दम तोड़ दिया, जिसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है.


मृतक के बड़े भाई दुर्गेश कडियम के मुताबिक, उनके भाई दिलीप का नगर पालिका में ही साथ काम करने वाली एक शादीशुदा महिला से पिछले एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था. शुरुआती दिनों में दिलीप इस बात से अनजान था कि महिला शादीशुदा है, लेकिन हकीकत सामने आने के बाद भी वह उसे अपनाने के लिए पूरी तरह तैयार था. 


हालांकि, महिला के मन में कुछ और ही चल रहा था और वह किसी अन्य व्यक्ति के संपर्क में भी थी, जिसके चलते उसने दिलीप को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली.


साजिश के तहत महिला ने 5 जुलाई को दिलीप को मिलने के बहाने शांतिनगर स्थित अपने घर बुलाया. वहां महिला ने पहले से ही अपने तीन-चार दोस्तों को छिपाकर रखा था. 


बातचीत के दौरान जैसे ही दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, वैसे ही महिला और उसके साथियों ने दिलीप पर हमला बोल दिया. 


आरोपियों ने पहले पत्थर से दिलीप के सिर पर जोरदार वार किया, फिर चाकू से ताबड़तोड़ कई हमले कर उसे लहूलुहान कर दिया. क्रूरता की हदें पार करते हुए उन्होंने मरणासन्न हालत में दिलीप को पास के ही एक कुएं में फेंक दिया.


घटना की भनक लगते ही परिजनों ने गंभीर रूप से घायल दिलीप को तुरंत बीजापुर जिला अस्पताल पहुंचाया. वहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तत्काल मेकाज (जगदलपुर) रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. बहरहाल, पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP