रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

बीजापुर गैंगरेप: कांग्रेस ने फूंका गृहमंत्री का पुतला, MLA बोले- छत्तीसगढ़ में 'जंगलराज'

C

CG Khabar

14 अप्रै. 2026, 01:12 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

कांग्रेस प्रदर्शन- बीजापुर
कांग्रेस प्रदर्शन- बीजापुर

बीजापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के भैरमगढ़ में एक नाबालिग लड़की के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की हृदयविदारक घटना ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है. इस जघन्य अपराध के खिलाफ सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने मोर्चा खोलते हुए सरकार की घेराबंदी की. 


कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय में जमकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया.

विज्ञापन


क्षेत्रीय विधायक विक्रम मंडावी ने एक प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए. मंडावी ने आरोप लगाया कि राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद से ही बस्तर संभाग सहित पूरे प्रदेश में महिलाओं और बच्चियों के विरुद्ध अपराधों का ग्राफ तेजी से बढ़ा है. 


उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा के 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' के नारे की असलियत अब सामने आ रही है, क्योंकि कई आपराधिक घटनाओं में सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों की संलिप्तता की खबरें आ रही हैं.


विधायक ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई नहीं हुई और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई, तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में उग्र जन-आंदोलन करेगी. 


उन्होंने वर्तमान स्थिति की तुलना 'जंगलराज' से करते हुए कहा कि आम नागरिक और बेटियां खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं. इस विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेसी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर तत्काल न्याय की मांग की.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP