बीजापुर: 27% आरक्षण और जातिगत जनगणना की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे 5 हजार लोग
बीजापुर जिला मुख्यालय में बुधवार को छत्तीसगढ़ सर्व पिछड़ा वर्ग समाज के नेतृत्व में पांच हजार से अधिक समाजजनों ने विशाल रैली और धरना प्रदर्शन किया. मिनी स्टेडियम से कलेक्टर परिसर तक निकाली गई इस रैली के माध्यम से 27 फीसदी आरक्षण, जातिगत जनगणना और पेसा कानून के तहत संरक्षण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया.
बीजापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिला मुख्यालय में बुधवार को छत्तीसगढ़ सर्व पिछड़ा वर्ग समाज की जिला इकाई के बैनर तले सामाजिक एकजुटता और शक्ति का बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला. अपने संवैधानिक अधिकारों और विभिन्न लंबित मांगों को लेकर आयोजित इस एक दिवसीय धरना प्रदर्शन एवं विशाल रैली में 5 हजार से अधिक समाजजनों ने शिरकत की. इस दौरान पूरे शहर में समाज के लोगों ने अपने हकों के समर्थन में जोरदार आवाज बुलंद की.
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और सामाजिक पदाधिकारियों ने खुलकर अपने विचार रखे. विधायक विक्रम मंडावी ने इन मांगों को सीधे तौर पर सामाजिक न्याय से जुड़ा विषय बताते हुए शासन से इस पर गंभीरतापूर्वक विचार करने की अपील की.
वहीं, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने शिक्षा, रोजगार और राजनीतिक प्रतिनिधित्व के क्षेत्र में पिछड़ा वर्ग को उचित अवसर प्रदान करने की आवश्यकता पर बल दिया.
समाज के जिला अध्यक्ष दिनेश पुजारी ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी के खिलाफ नहीं है, बल्कि यह अपने हक और संवैधानिक अधिकारों को पाने की लड़ाई है, जिसमें आबादी के अनुपात में आरक्षण और राजनीतिक भागीदारी मिलना बेहद जरूरी है.
जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम प्रेषित ज्ञापन में कई प्रमुख मांगें रखी गई हैं. इनमें अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को जनसंख्या के अनुपात में 27 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करने और इस आरक्षण व्यवस्था को संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग प्रमुख है.
इसके अतिरिक्त, आगामी राष्ट्रीय जनगणना में ओबीसी वर्ग के लिए पृथक कॉलम निर्धारित कर जातिगत जनगणना कराने का आग्रह किया गया है. ज्ञापन में पांचवीं अनुसूची व पेसा कानून के अंतर्गत उचित संवैधानिक एवं प्रशासनिक संरक्षण देने के साथ-साथ आजीविका से जुड़ी गतिविधियों में समाज की भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई है.
इससे पूर्व, यह विशाल रैली नगर के मिनी स्टेडियम से प्रारंभ होकर नया बस स्टैंड मार्ग से गुजरते हुए कलेक्टर परिसर पहुंची, जहां अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया. इस संपूर्ण आयोजन के दौरान जिला अध्यक्ष दिनेश पुजारी, कार्यकारी अध्यक्ष के. संतोष कुमार सहित बड़ी संख्या में सामाजिक पदाधिकारी और सदस्य सक्रिय रूप से उपस्थित रहे.