'सुशासन बाबू' नीतीश कुमार लेंगे CM पद की शपथ
पटना । डेस्क: सभी एग्जिट पोल्स और अटकलों को पीछे छोड़ते हुए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने पाटलपुत्र की सत्ता में धमाकेदार वापसी की है. महागठबंधन को धूल चटाकर 'सुशासन बाबू' नीतीश कुमार एक बार फिर से बिहार के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं.
विश्वस्त सूत्रों के हवाले से यह खबर मिली है कि बिहार में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 19 या 20 नवंबर को हो सकता है. शपथ ग्रहण की अंतिम तारीख प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के अनुसार तय की जाएगी. यह बात पूरी तरह से निश्चित है कि जनता दल यूनाइटेड (JDU) के प्रमुख नीतीश कुमार ही एक बार फिर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे.
सोमवार को NDA विधायक दल की एक महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है, जिसमें मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार के नाम पर औपचारिक मुहर लग जाएगी. हालांकि, उपमुख्यमंत्री (Deputy CM) कौन होंगे और मंत्रिमंडल में कौन-कौन से चेहरे शामिल होंगे, यह सब कुछ दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर हो रही बैठकों में तय हो रहा है. इन बैठकों में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और जेडीयू नेता राजीव रंजन सिंह भी मौजूद हैं.
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को ही मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई है, जिसमें बिहार की 17वीं विधानसभा को भंग करने का प्रस्ताव पारित किया जाएगा. इसके बाद, नीतीश कुमार अपने पद से इस्तीफा देंगे और NDA गठबंधन सरकार बनाने का दावा पेश करेगा. राज्यपाल 18वीं विधानसभा को आमंत्रित करेंगे.
नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह पटना के गांधी मैदान में आयोजित होने की संभावना है. इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ-साथ कई केंद्रीय मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और NDA सांसद भी शामिल हो सकते हैं.