बिहार भाजपा नेता नीतीश को उपराष्ट्रपति बनाने के पक्ष में
पटना । डेस्क: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद बिहार में सियासी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. मंगलवार को बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान बीजेपी नेताओं ने मुख्यमंत्री और जद(यू) नेता नीतीश कुमार को उपराष्ट्रपति पद के लिए उपयुक्त उम्मीदवार बताया.
दूसरी ओर, जद(यू) नेताओं ने साफ किया कि नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी सेवा जारी रखेंगे और 2025 के विधानसभा चुनाव में भी वही एनडीए के चेहरा होंगे.
बीजेपी विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल ने कहा, "नीतीश जी का लंबा प्रशासनिक अनुभव है. अगर वह उपराष्ट्रपति बनते हैं, तो यह बिहार के लिए गर्व की बात होगी."
वहीं, बिहार सरकार में बीजेपी कोटे से मंत्री नीरज कुमार सिंह बबलू ने भी इसका समर्थन करते हुए कहा, "नीतीश जी के उपराष्ट्रपति बनने में कोई बुराई नहीं है. यह बहुत अच्छा होगा." हालांकि, उन्होंने धनखड़ के इस्तीफे को स्वास्थ्य कारणों से जोड़ा और किसी राजनीतिक दबाव की बात से इनकार किया.
बीजेपी के एक अन्य वरिष्ठ नेता और मंत्री प्रेम कुमार ने कहा, "बिहार से किसी का उपराष्ट्रपति बनना गर्व की बात होगी, लेकिन यह फैसला केंद्र सरकार को करना है."
जद(यू) नेताओं ने इन चर्चाओं को महज अफवाह करार दिया. जद(यू) नेता और बिहार सरकार में मंत्री श्रवण कुमार ने कहा, "नीतीश जी का एकमात्र लक्ष्य बिहार की जनता की सेवा और राज्य में विकास कार्यों को गति देना है. 2025 का विधानसभा चुनाव उनके नेतृत्व में लड़ा जायेगा और एनडीए 225 सीटें जीतेगा. बीजेपी नेताओं की यह निजी राय हो सकती है, लेकिन बिहार की जनता ऐसा नहीं चाहती."
जद(यू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने भी यही रुख दोहराया. उन्होंने कहा, "धनखड़ के इस्तीफे को स्वास्थ्य कारणों से जोड़ा जाना चाहिये, इसमें राजनीति नहीं होनी चाहिये. नीतीश जी के नेतृत्व में ही 2025 का चुनाव लड़ा जायेगा और वह फिर से मुख्यमंत्री बनेंगे. बिहार की जनता का नारा है- '2025 फिर से नीतीश'."
गौरतलब है कि जगदीप धनखड़ ने सोमवार को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद विपक्ष ने इसे लेकर कई सवाल उठाये.
उधर, नीतीश कुमार के जनवरी 2024 में एनडीए में वापसी के बाद से ही यह अटकलें लग रही हैं कि अगर 2025 के विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत होती है, तो बीजेपी नीतीश को मुख्यमंत्री पद से हटा सकती है. हालांकि, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कई बार कहा है कि 2025 का चुनाव नीतीश के नेतृत्व में लड़ा जायेगा.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने अभी तक नीतीश को स्पष्ट रूप से मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित नहीं किया है, जिससे सियासी हलकों में चर्चायें तेज हैं. बिहार विधानसभा का मानसून सत्र भी इन चर्चाओं को और हवा दे रहा है.