शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

भिलाई: महिला प्रोफेसर को बदनाम करने वाला छात्र गिरफ्तार

C

CG Khabar

09 जुल. 2026, 01:46 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

आरोपी छात्र
आरोपी छात्र

भिलाई । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के भिलाई में पुलिस ने एक कॉलेज शिक्षिका की निजी तस्वीरें और कॉल रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर सार्वजनिक करने के आरोप में एक छात्र को गिरफ्तार किया है. पकड़ा गया आरोपी खुद को पत्रकार बताता है और भिलाई नगर थाना क्षेत्र के रुंगटा कॉलेज (ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी) में पीजीडीसीए (PGDCA) द्वितीय वर्ष का छात्र है. 


पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपी के इंस्टाग्राम अकाउंट को ट्रेस कर यह कार्रवाई की. हालांकि, गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाने से ही जमानत पर रिहा कर दिया गया.


यह पूरा विवाद तब और गहरा गया जब इस कानूनी कार्रवाई के बाद पीड़िता को बीच सड़क पर धमकाया गया. मिली जानकारी के अनुसार, जब महिला प्रोफेसर अपनी स्कूटी से कॉलेज की तरफ जा रही थीं, तभी सेक्टर-6 स्थित पावर जिम के पास बिना नंबर प्लेट की स्पोर्ट्स बाइक पर सवार दो नकाबपोश युवकों ने उनका रास्ता रोका. 


बदमाशों ने उन्हें चेतावनी देते हुए कहा कि प्रांजल यादव अब उन्हें परेशान नहीं कर रहा है, इसलिए वे अपनी एफआईआर वापस ले लें, अन्यथा उन्हें आगे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे. घटना के बाद घबराईं प्रोफेसर ने तुरंत कॉलेज प्रबंधन को सूचित किया, जिसके बाद अज्ञात धमकीबाजों के खिलाफ पुलिस में एक और शिकायत दर्ज कराई गई है.


इस पूरे मामले की शुरुआत तब हुई जब आरोपी छात्र पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर संस्थान को बदनाम करने वाली सामग्री पोस्ट कर रहा था. इसी दौरान उसने महिला प्रोफेसर को व्यक्तिगत रूप से फोन कर उनकी बातचीत रिकॉर्ड कर ली और उनकी तस्वीरों के साथ उसे इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया. 


इस आपत्तिजनक पोस्ट पर अज्ञात यूजर्स द्वारा की गई भद्दी टिप्पणियों के कारण शिक्षिका को भारी मानसिक प्रताड़ना और सामाजिक बदनामी का सामना करना पड़ा. 


कॉलेज प्रबंधन ने पहले भी छात्र की इन हरकतों पर उसे मानहानि का नोटिस भेजा था, लेकिन उसमें कोई सुधार नहीं आया, जिसके बाद पीड़िता ने 4 जून को थाने में पहली प्राथमिकी दर्ज कराई थी. फिलहाल पुलिस बिना नंबर की बाइक पर आए दोनों फरार नकाबपोशों की सरगर्मी से तलाश कर रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP