बेंगलुरु: कार और KSRTC बस की टक्कर में 5 युवकों की मौत
बेंगलुरु । डेस्क: बेंगलुरु के पास नेलमंगला में तुमकुरु रोड पर रविवार 15 फरवरी, 2026 तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की जान चली गई. हादसा रात करीब 12 बजे नवयुगा टोल फ्लाईओव्हर के पास जिंदल अस्पताल के पास हुआ, जब बेंगलुरु की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर फांद गई और सामने से आ रही कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (KSRTC) की बस से टकरा गई.
प्रारंभिक जांच के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.
मृतकों की पहचान डोड्डाबल्लापुर निवासी दुर्गा प्रसाद (20), केशव (19), ललित (22) और हर्षित (20) के रूप में हुई है, जबकि पांचवें पीड़ित की पहचान अभी सुनिश्चित की जा रही है. पुलिस ने बताया कि हर्षित बी.कॉम का छात्र था, जबकि ललित सीसीटीवी कैमरे लगाने वाली एक फर्म में काम करता था.
हादसे के दौरान बस का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
बस में कुल 42 यात्री सवार थे, जिनमें से अगली सीटों पर बैठे कुछ यात्रियों सहित चालक और परिचालक को मामूली चोटें आई हैं.
सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया है, जबकि मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए नेलमंगला सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है. मादनायकनहल्ली पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.