बेंगलुरु के 40 निजी स्कूलों को बम की धमकी
नई दिल्ली । डेस्क: बेंगलुरु के कम से कम 40 निजी स्कूलों को शुक्रवार सुबह बम के धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुये. जिसके बाद पूरे शहर में पुलिस और बम निरोधक दस्तों की व्यापक तैनाती की गई. धमकी की जांच और स्कूलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिये तत्काल कार्रवाई शुरू की गई है.
रिपोर्ट के अनुसार, राजराजेश्वरी नगर और केंगरी सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों के स्कूलों को यह धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ.
ईमेल, जिसका शीर्षक था “स्कूल के अंदर बम”, roadkill333@atomicmail.io आईडी से भेजा गया था. इसमें दावा किया गया कि कक्षाओं में ट्राइनाइट्रोटोल्यूइन (TNT) युक्त कई विस्फोटक उपकरण छिपाये गये हैं.
ईमेल में लिखा था: “विस्फोटक उपकरण काले प्लास्टिक बैग में छिपाये गये हैं. मैं आप सभी को इस दुनिया से मिटा दूंगा. कोई भी जीवित नहीं बचेगा. मैं समाचार देखकर हंसूंगा, जब माता-पिता स्कूल पहुंचेंगे और अपने बच्चों के क्षत-विक्षत शवों का सामना करेंगे.”
ईमेल में आगे कहा गया, “आप सभी को कष्ट झेलना होगा. मुझे अपनी जिंदगी से सख्त नफरत है. समाचार प्रसारित होने के बाद मैं आत्महत्या कर लूंगा. मैं अपना गला काट लूंगा और अपनी कलाई काट लूंगा. मुझे कभी सही मदद नहीं मिली, न मनोचिकित्सकों से, न मनोवैज्ञानिकों से, किसी ने मेरी परवाह नहीं की और न ही कोई कभी करेगा. आप केवल असहाय और अनजान लोगों को दवा देने की परवाह करते हैं... कृपया इस संदेश की एक प्रति प्रेस/मीडिया को दें.”
बेंगलुरु शहर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्रभावित स्कूलों में कई टीमें भेजीं.
बम निरोधक दस्तों ने स्कूल परिसरों की गहन जांच शुरू की ताकि छात्रों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
पुलिस धमकी के स्रोत का पता लगाने के लिये साइबर फोरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मिलकर काम कर रही है.
अधिकारियों ने अभिभावकों और जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि स्थिति नियंत्रण में है.
जांच अभी जारी है, और पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ा जायेगा.