बेंगलुरु: फ़ूड डिलीवरी एजेंट को जानबूझकर कुचला, देखिये कैसे कुचला
बेंगलुरु । डेस्क: बेंगलुरु में रोड रेज की एक कथित घटना में एक फ़ूड डिलीवरी एजेंट की कार से टक्कर लगने के बाद मौत हो गई. पुलिस ने इस मामले में Kalaripayattu ट्रेनर मनोज कुमार (32) और उनकी पत्नी आरती शर्मा (30) को गिरफ़्तार कर लिया है. यह घटना 25 अक्टूबर को घटी थी, और सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने इसे महज एक दुर्घटना मानने के बजाय हत्या का मामला दर्ज किया है.
पुलिस के अनुसार, रात करीब 9 बजे नटराज लेआउट के पास डिलीवरी एजेंट दर्शन (24) की स्कूटर गलती से कुमार की कार के साइड मिरर से टकरा गई थी. दर्शन ने तुरंत माफ़ी मांगी और अपने डिलीवरी के काम के लिए आगे बढ़ गया.
लेकिन, कथित तौर पर मनोज कुमार को गुस्सा आया और उन्होंने यू-टर्न लेकर स्कूटर का पीछा किया. जांच अधिकारी ने बताया कि कुछ ही देर में कुमार ने दर्शन को देखकर एक्सेलेरेटर दबाया और पीछे से स्कूटर को जानबूझकर टक्कर मार दी, जिससे दर्शन और उसका एक साथी वरुण सड़क पर गिर गए.
स्थानीय लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने दर्शन को मृत घोषित कर दिया.
सीसीटीवी फुटेज से बदला केस
शुरुआत में दर्शन की बहन ने जेपी नगर ट्रैफ़िक पुलिस में हिट-एंड-रन का मामला दर्ज कराया था. हालांकि, सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा करने पर पुलिस अधिकारियों ने पाया कि यह कोई दुर्घटना नहीं, बल्कि पीछे से जानबूझकर टक्कर मारने का कृत्य था. इसके बाद, मामला पुत्तनहल्ली पुलिस को सौंप दिया गया, जिन्होंने फुटेज के आधार पर हत्या का केस (Murder Case) दर्ज किया.
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के लगभग 40 मिनट बाद, यह दंपति मास्क पहनकर दुर्घटनास्थल पर वापस आया और कार के टूटे हुए हिस्सों को इकट्ठा करने लगा. इस बार सीसीटीवी कैमरों में उनके चेहरे साफ़ दिख गए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ़्तार कर लिया.
दक्षिण के पुलिस उपायुक्त लोकेश जगलासर ने बताया कि दंपति ने जुर्म कबूल कर लिया है. हालांकि, मनोज कुमार ने पुलिस को बताया कि टक्कर मारते समय वह अकेला था और उसकी पत्नी सिर्फ़ टूटे हुए हिस्से उठाने आई थी. पुलिस इस दावे की जाँच कर रही है, लेकिन दोनों को हत्या के आरोप में गिरफ़्तार किया गया है. कोर्ट में पेशी के बाद दंपति को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
Road Rage Shocker from Bengaluru!
— Deepak Bopanna (@dpkBopanna) October 30, 2025
A couple accused of murdering a Zepto delivery agent after his bike dented their car. They chased him for 2 km, rammed the bike, killing him & injuring a friend riding pillion. Unaware of CCTV cameras, they returned to the spot to pick up car… pic.twitter.com/riNz8PnPG7