शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

बेमेतरा: ₹60 हजार के सिस्टम ₹2.5 लाख में खरीदे, जांच के आदेश

C

CG Khabar

31 जुल. 2026, 04:27 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

कम्प्यूटर-बेमेतरा
कम्प्यूटर-बेमेतरा

बेमेतरा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास निधि (MLA FUND) के इस्तेमाल में लगभग 1 करोड़ रुपये के बड़े घोटाले का मामला सामने आया है. खबर के मुताबिक, साजा विधानसभा क्षेत्र के 40 सरकारी स्कूलों में बांटे गए कंप्यूटरों की खरीद में भारी अनियमितताओं का आरोप लगा है. मामला तूल पकड़ते ही जिला प्रशासन ने चार सदस्यीय समिति का गठन कर जांच के आदेश दे दिए हैं.


यह पूरा विवाद वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान हुई कंप्यूटर खरीदी को लेकर शुरू हुआ. विपक्ष का आरोप है कि जिन कंप्यूटर सेट्स की बाजार में कीमत लगभग 60,000 रुपये है, उन्हें प्रति सिस्टम करीब 2.5 लाख रुपये की अत्यधिक दरों पर खरीदा गया. इस तरह सार्वजनिक धन का जमकर दुरुपयोग और ओवरप्राइसिंग की गई है.


बेमेतरा जिला कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने आरोप लगाया कि स्कूलों ने कभी इन कंप्यूटरों की मांग ही नहीं की थी और न ही अधिकारियों ने इसके लिए स्कूल प्रबंधन से कोई सलाह ली. नवागांव कला, केहका, केसतरा और बीजा जैसे एक दर्जन से अधिक स्कूलों में तो कंप्यूटर लैब या सुरक्षित स्टोरेज तक नहीं है. 


नतीजतन, ये महंगे सिस्टम छात्रों के काम आने के बजाय आलमारियों और स्टोर रूम में बंद पड़े धूल खा रहे हैं.


मामले की गंभीरता को देखते हुए बेमेतरा कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने एक डिप्टी कलेक्टर के नेतृत्व में जांच टीम बनाई है. कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच बैठा दी गई है और समिति की रिपोर्ट आते ही दोषियों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे. 


वहीं, साजा विधायक ईश्वर साहू ने कहा कि उन्होंने नियमानुसार प्रस्ताव जिला प्रशासन को भेजा था और यदि खरीदी में कोई शिकायत है, तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP