बेमेतरा: गर्भवती का प्रसव करा नवजात की चोरी
बेमेतरा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से में संबलपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम जेवरा एस में दो अज्ञात महिलाओं ने एक गर्भवती महिला को झांसे में लेकर संदिग्ध नशीला पदार्थ पिला दिया. इसके बाद प्रसव कराकर वे नवजात शिशु को लेकर फरार हो गईं. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की पड़ताल के लिए तीन विशेष जांच टीमों का गठन किया है और जल्द ही आरोपियों को हिरासत में लेने का दावा किया है.
पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना उस वक्त घटी जब पीड़िता घर पर अकेली थी. पति मवेशी चराने गया था और परिवार के बाकी सदस्य रिश्तेदारी में एक कार्यक्रम में शामिल होने दूसरे गांव गए हुए थे.
अचानक पेट में तेज दर्द उठने पर जब महिला कराहने लगी, तो लाल कपड़े पहने एक अज्ञात महिला घर के मुख्य द्वार पर पहुंची. उसने मदद का भरोसा दिलाते हुए अपनी एक अन्य साथी को भी बुला लिया. इसके बाद दोनों ने दर्द कम करने का बहाना बनाकर महिला को गिलास में कुछ घोलकर पिला दिया, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गई.
कुछ समय बाद जब पीड़िता को होश आया, तो उसके कपड़ों पर खून के धब्बे थे और नवजात शिशु गायब था.
परिजनों के लौटने पर गंभीर हालत में पीड़िता को तुरंत सोनोग्राफी और डॉक्टरी परीक्षण के लिए अस्पताल ले जाया गया. सूचना मिलते ही संबलपुर चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की.
एसडीओपी भूषण एक्का ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस आसपास के इलाकों, मुख्य रास्तों और संदिग्ध महिलाओं के सुराग तलाशने में जुटी है. साथ ही इस पहलू की भी जांच की जा रही है कि यह कोई पूर्व नियोजित साजिश थी या फिर मौके का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया गया है.