बस्तर: 19 वर्षीय नवविवाहिता ने उठाया आत्मघाती कदम
जगदलपुर । संवाददाता: जगदलपुर के कोड़ेनार थाना क्षेत्र स्थित रायकोट गांव से में 19 वर्ष की नवविवाहिता अंकिता सेठिया ने अपने मायके में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. परिवार में एक कार्यक्रम का माहौल था और सभी सदस्य उसमें व्यस्त थे, लेकिन अचानक हुई इस घटना ने खुशियों को मातम में बदल दिया. जब परिजन घर लौटे और अंकिता के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला, तो काफी आवाज देने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई.
अनहोनी के अंदेशे में जब दरवाजा तोड़ा गया, तो अंकिता फंदे से लटकी पाई गई. परिजन तुरंत उसे अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
अंकिता ने लगभग डेढ़ साल पहले चिंगपाल गांव के एक युवक से प्रेम विवाह किया था और शादी के बाद से ही उसका अपने मायके आना-जाना लगा रहता था.
घटना के समय घर के सभी लोग एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद जब नहाने-धोने के लिए वापस पहुंचे, तब इस दर्दनाक हादसे का खुलासा हुआ. आनन-फानन में अंकिता को फंदे से नीचे उतारकर इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.
सूचना मिलते ही कोड़ेनार पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया.
पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे खुदकुशी की असल वजहों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है. पुलिस ने मामले की बारीक जांच शुरू कर दी है और परिजनों व रिश्तेदारों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि अंकिता ने किन परिस्थितियों में इतना खौफनाक कदम उठाया.