बांग्लादेश में रेल पटरी उखाड़ी गई, ट्रेन पटरी से उतरी, कोई हताहत नहीं
ढाका । डेस्क: बांग्लादेश के मयमनसिंह में शरारती तत्वों द्वारा रेलवे ट्रैक उखाड़े जाने की घटना सामने आई है. इस तोड़फोड़ के चलते सोमवार तड़के ढाका जा रही अग्निबीणा एक्सप्रेस पटरी से उतर गई. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन यात्रियों में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई. कई यात्री डर के कारण ट्रेन से नीचे उतर आए.
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, रविवार देर रात असामाजिक तत्वों ने रेलवे लाइन के करीब 20 फीट हिस्से के नट-बोल्ट खोलकर पटरियां उखाड़ दीं. इसके बाद सोमवार सुबह करीब 5 बजे मयमनसिंह के गफरगांव स्टेशन से पहले साल्टिया मैदानखोला इलाके में अग्निबीणा एक्सप्रेस का इंजन और आगे के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए. घटना के बाद ढाका–मयमनसिंह रेल मार्ग पर फिलहाल ट्रेन सेवाएं रोक दी गई हैं.
गफरगांव के स्टेशन मास्टर ने बताया कि घटना स्थल पर रेलवे अधिकारी मौजूद हैं और ढाका से राहत व बचाव ट्रेन रवाना कर दी गई है. पटरी से उतरी ट्रेन को हटाने और लाइन की मरम्मत के बाद रेल यातायात बहाल किया जाएगा.
इस बीच, मयमनसिंह क्षेत्र में उम्मीदवार चयन को लेकर पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की पार्टी बीएनपी के भीतर आंतरिक कलह की खबरें हैं. बीते कुछ दिनों से बागी नेता-कार्यकर्ता सड़क और रेल अवरोध कर रहे हैं.
हालांकि बांग्लादेश रेलवे का कहना है कि बीएनपी समर्थकों का अवरोध रविवार सुबह 9 बजे के बाद शुरू हुआ, जबकि रेल पटरी उखाड़ने की घटना उससे पहले, रविवार देर रात हुई थी. फिलहाल मामले की जांच जारी है और दोषियों की पहचान नहीं हो सकी है.