बलरामपुर: बस और बोलेरो की जोरदार टक्कर, यूपी के मजदूर की मौत
बलरामपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में बनारस मार्ग पर देर रात एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है. वाड्रफनगर स्थित पुरानी नर्सरी के पास मजदूरों को ले जा रही एक अनियंत्रित बस और बोलेरो की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई. यह टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो गाड़ी के परखच्चे उड़ गए.
इस दुर्घटना में बोलेरो सवार उत्तर प्रदेश के मोहली निवासी 50 वर्षीय सहदेव की मौके पर ही जान चली गई, जबकि दोनों वाहनों में सवार कई अन्य लोग घायल हो गए हैं.
हादसे के समय बस उत्तर प्रदेश के दुद्धी से मजदूरों को लेकर तेलंगाना के हैदराबाद की ओर जा रही थी. घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को क्षतिग्रस्त वाहनों से बाहर निकाला और इलाज के लिए वाड्रफनगर सिविल अस्पताल भिजवाया.
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दो लोगों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च संस्थान रेफर कर दिया गया है. वहीं अन्य घायलों का उपचार जारी है. पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच शुरू कर दी है.