बलौदाबाजार: चने की बोरियों के नीचे दबकर दो सगे भाइयों की मौत
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के धौराभाटा गांव में बंशी गोपाल वेयरहाउस में चने की बोरियों के नीचे दबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई.
पुलिस के अनुसार, यह हादसा मंगलवार शाम उस समय हुआ जब बच्चे अपनी मां के साथ गोदाम आए थे. मृतकों की पहचान 5 वर्षीय प्रीतम पटेल और 6 वर्षीय अखिलेश पटेल के रूप में हुई है.
मिली जानकारी के अनुसार, बच्चों की मां बेलगहना (बिलासपुर) की रहने वाली है और पति की मृत्यु के बाद अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए इस गोदाम में मजदूरी करती थी. मंगलवार शाम करीब 4 बजे जब वह काम कर रही थी, तब दोनों भाई पास में ही खेल रहे थे.
खेलते-खेलते बच्चों ने बोरियों से चने निकालना शुरू कर दिया, जिससे बोरियों का संतुलन बिगड़ गया और भारी-भरकम बोरियां सीधे बच्चों के ऊपर गिर गईं.
वहां मौजूद मजदूरों ने तुरंत बोरियां हटाकर बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक वे बेहोश हो चुके थे. उन्हें तत्काल भाटापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
प्रारंभिक मेडिकल रिपोर्ट में मौत का कारण दम घुटना बताया गया है. घटना के बाद साथी मजदूरों ने कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था में कमी का आरोप लगाया है.
भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और वेयरहाउस प्रबंधन की लापरवाही की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि यदि जांच में सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.