शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ का गोवा वेस्ट जोन बैडमिंटन में शानदार प्रदर्शन

C

CG Khabar

05 सित. 2025, 08:14 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

बैडमिंटन
बैडमिंटन

पणजी । डेस्क: छत्तीसगढ़ ने जूनियर बॉयज टीम खिताब जीतकर शानदार प्रदर्शन किया, जबकि महाराष्ट्र ने पुरुष और जूनियर गर्ल्स टीम इवेंट में चैंपियन बनकर अपनी धाक जमाई. गुजरात ने महिला टीम खिताब अपने नाम किया. मेजबान गोवा ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष, महिला और जूनियर बॉयज टीम इवेंट में कांस्य पदक हासिल किए.


पुरुष टीम फाइनल: 

महाराष्ट्र ने छत्तीसगढ़ को 3-1 से हराकर खिताब जीता. पहले सिंगल्स में वरुण कपूर छत्तीसगढ़ के रौनक चौहान से 8-21, 15-21 से हार गए. इसके बाद महाराष्ट्र ने शानदार वापसी की. दर्शन पुजारी ने हर्षित ठाकुर को 21-15, 21-16 से हराया, जबकि विप्लव कुवाले और विराज कुवाले की डबल्स जोड़ी ने एम.वी. अभिषेक और सुजेय तांबोली को 21-11, 18-21, 21-14 से मात दी.  


महिला टीम फाइनल: 

गुजरात ने महाराष्ट्र को रोमांचक 3-2 से हराकर खिताब अपने नाम किया. गुजरात की स्टार शटलर तस्नीम मीर ने साद धर्माधिकारी को 21-13, 21-12 से हराकर शानदार शुरुआत की. इसके बाद अदिता राव ने पूर्वा बर्वे को 21-16, 21-17 से मात दी. महाराष्ट्र ने वापसी करते हुए अनघा करंदीकर और सिया सिंह की जोड़ी ने शेनन क्रिश्चियन और युति गज्जर को 21-16, 21-10 से हराया. तनिष्का देशपांडे ने ऐशानी तिवारी को 21-14, 21-16 से हराकर स्कोर बराबर किया. हालांकि, अंतिम डबल्स में गुजरात की अदिता राव और तस्नीम मीर ने श्रुति मुंदडा और तनिष्का देशपांडे को 21-18, 21-14 से हराकर गुजरात को चैंपियन बनाया.


जूनियर बॉयज टीम फाइनल: 

छत्तीसगढ़ ने महाराष्ट्र को 2-0 से हराकर खिताब जीता. स्टार शटलर रौनक चौहान ने भारत के नंबर 1 अंडर-17 खिलाड़ी देव रुपारेलिया को रोमांचक तीन सेटों में 21-16, 19-21, 21-17 से हराया. इसके बाद दिव्यांश अग्रवाल और सौरव साहू की डबल्स जोड़ी ने अर्जुन बिरजदार और आर्यन बिरजदार को 21-17, 21-12 से हराकर जीत सुनिश्चित की.


जूनियर गर्ल्स टीम फाइनल: 

महाराष्ट्र ने छत्तीसगढ़ को 2-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया. छत्तीसगढ़ की तनु चंद्रा ने पहले सिंगल्स में रिधीमा सरपटे को 21-11, 21-7 से हराया. महाराष्ट्र ने वापसी करते हुए श्रवणी वालेकर और तारिणी सूरी की जोड़ी ने श्वेता परदेशी और तनु चंद्रा को 21-16, 21-17 से हराया. निर्णायक मुकाबले में प्रक्रिति शर्मा ने रेणुश्री श्यामलाराव यावरना को 21-16, 19-21, 21-17 से हराकर महाराष्ट्र को जूनियर गर्ल्स का खिताब दिलाया.


यह प्रतिष्ठित चैंपियनशिप गोवा बैडमिंटन एसोसिएशन और स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ गोवा के सहयोग से आयोजित की गई, जिसमें महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और मेजबान गोवा के बेहतरीन शटलरों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP