रिश्वत लेते बाबू और पटवारी गिरफ्तार
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित रविशंकर विश्वविद्यालय में एक बाबू को रिश्वत लेते हुए एसीबी की टीम ने गिरफ्तार किया है. रिटायर्ड कर्मचारी से पेंशन की राशि निकालने के लिए रिश्वत की मांग की थी.
इधर मुंगेली में एक पटवारी को 25 हजार रुपए रिश्वत लेते एसीबी ने पकड़ा है.
मिली जानकारी के अनुसार रविशंकर विश्वविद्यालय में पदस्थ बाबू दीपक शर्मा ने यूनिवर्सिटी का ही रिटायर्ड कर्मचारी से पेंशन की राशि शीघ्र निकलवाने के लिए 50 हजार रुपए की मांग की थी.
शिकायतकर्ता लखौली निवासी प्रकाश सिंह ठाकुर रिश्वत नहीं देना चाहता था. इसलिए उसने रायपुर एसीबी में इसकी लिखित शिकायत की.
शिकायत की प्राथमिक जांच में बात सही पाई गई. इसके बाद एसीबी की टीम ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई.
तय योजना के मुताबिक रिटायर्ड कर्मचारी ने मंगलवार को रिश्वत की पहली किस्त 30 हजार रुपए देने पहुंचा.
प्रकाश सिंह उक्त राशि दीपक शर्मा को दे रहा था उसी समय एसीबी की टीम ने मौके पर दबिश दी और बाबू को नोटों के साथ पकड़ लिया.
आरोपी बाबू को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
मुंगेली में रिकॉर्ड सुधारने 25 हजार की मांग
इधर मुंगेली में जमीन के दस्तावेजों में कुछ त्रुटियां सुधारने के लिए पटवारी ने रिश्वत की मांग की थी.
प्रार्थी टोप सिंह अनुरागी नगर पंचायत बोदरी निवासी ने इसकी शिकायत बिलासपुर एन्टी करप्शन ब्यूरो में की.
बताया गया कि टोप सिंह और उसके भाई और बहनों के नाम पर ग्राम केसलीकला जिला मुंगेली में जमीन है.
जिसके रिकॉर्ड में उसका नाम टोप सिंह की जगह तोप सिंह हो गया है. वहीं बहन के नाम के आगे पिता की जगह गलती से पति लिखा गया है.
इसे सुधारने के लिए केसलीकला पटवारी उत्तम कुर्रे ने 25 हजार रुपए की मांग की थी.
मंगलवार को टोप सिंह रिश्वत की राशि देने पटवारी कार्यालय पहुंचा था. उसी समय पटवारी को रंगे हाथों पकड़ लिया गया.