ईरान पर हमला संप्रभुता का उल्लंघन- जयराम रमेश
नई दिल्ली । डेस्क: कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने ईरान पर इसरायल के हमले की निंदा की है. तथा इसे ईरान के संप्रभुता तथा अधिकारों का सीधा उल्लंघन करार दिया है. उन्होंने एक्स पर कहा, "भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने ईरान पर इसराइल के हालिया हमलों और टार्गेटेड हत्याओं की कड़ी निंदा की है. पार्टी का कहना है कि यह ईरान की संप्रभुता और अधिकारों का सीधा उल्लंघन है और इससे पूरे इलाके़ में अस्थिरता बढ़ सकती है."
"कांग्रेस पार्टी का मानना है कि समस्याओं का हल बातचीत, कूटनीति और सहयोग से ही निकाला जा सकता है... न कि हमलों और हिंसा से. कांग्रेस चाहती है कि सारी सैन्य कार्रवाइयां तुरंत रोकी जायें."
उन्होंने लिखा, "ऐसे हालात में भारत के पास मौक़ा भी है और ज़िम्मेदारी भी कि वह इस तनाव को कम करने में मदद करे और बातचीत की पहल करे."
जयराम रमेश ने पश्चिमी एशिया में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा पर चिंता जताई है. उन्होंने लिखा, "पश्चिम एशिया में लाखों भारतीय रहते हैं, इसलिये वहां की शांति सिर्फ़ विदेश नीति का नहीं, भारत के लिए एक ज़रूरी राष्ट्रीय हित का सवाल है."
"कांग्रेस चाहती है कि भारत सरकार इस मामले में साफ़ रुख़ अपनाये, समझदारी से काम ले और शांति के लिए हर मुमकिन कोशिश करे."