पवन खेड़ा के घर पहुंची असम पुलिस
नई दिल्ली । डेस्क: असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा के पासपोर्ट विवाद ने अब कानूनी मोड़ ले लिया है. मंगलवार को असम पुलिस की चार सदस्यीय एक टीम दिल्ली स्थित कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के आवास पर पूछताछ के लिए पहुंची.
इस कार्रवाई में दिल्ली पुलिस भी असम पुलिस का सहयोग कर रही है. जानकारी के मुताबिक, जब पुलिस खेड़ा के घर पहुंची, तब वे वहां मौजूद नहीं थे और टीम उनके लौटने का इंतजार कर रही है.
हाल ही में पवन खेड़ा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दावा किया था कि रिनिकी भुइयां शर्मा के पास संयुक्त अरब अमीरात, एंटीगुआ और बारबुडा और मिस्र के तीन अलग-अलग पासपोर्ट हैं.
पवन खेड़ा ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की पत्नी की दुबई में संपत्तियां और अमेरिका में एक कंपनी है, जिसका जिक्र चुनावी हलफनामे में नहीं किया गया है.
कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से जानकारी छिपाने के आरोप में रिनिकी देवी का नामांकन रद्द करने की मांग की है.
इन आरोपों को मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने 'फर्जी और राजनीति से प्रेरित' करार दिया है.
उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई है और पुलिस कानून के मुताबिक उचित कार्रवाई करेगी.
शर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस इन झूठे दावों के लिए पाकिस्तानी सोशल मीडिया समूहों के इनपुट का इस्तेमाल कर रही है ताकि चुनावों को प्रभावित किया जा सके.
वहीं, रिनिकी भुइयां शर्मा ने कहा कि भारत दोहरी नागरिकता की अनुमति नहीं देता, ऐसे में तीन पासपोर्ट की बात करना बेतुका है और उनके परिवार को बदनाम करने के लिए डिजिटल रूप से छेड़छाड़ की गई सामग्री का उपयोग किया जा रहा है. असम में 9 अप्रैल को होने वाले मतदान से ठीक पहले इस विवाद ने राज्य की सियासत में उबाल ला दिया है.