ऐशियन गेम्स 2026: चिकिथा और साहिल ने भारत को दिलाया 8वां स्वर्ण
नई दिल्ली । डेस्क: एशियाई खेल 2026 में भारतीय तीरंदाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है. भारत के होनहार तीरंदाज चिकिथा तानीपार्थी और साहिल जाधव की जोड़ी ने कंपाउंड मिक्सड टीम इवेंट में देश को स्वर्णिम सफलता दिलाई है. बुधवार को खेले गए सांसे थाम देने वाले फाइनल मुकाबले में भारतीय जोड़ी ने दक्षिण कोरिया को शूट-ऑफ में मात देकर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया.
इस जीत के साथ ही भारत ने इस प्रतिस्पर्धा में अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव तो किया ही, साथ ही लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक के लिए कंपाउंड मिक्सड टीम इवेंट का कोटा भी हासिल कर लिया.
रोमांचक शूट-ऑफ में साध निशाना
स्वर्ण पदक के लिए हुआ यह मुकाबला शुरुआत से ही बेहद दबाव वाला रहा. भारतीय जोड़ी ने पहले और दूसरे सेट में 40-40 अंक जुटाकर कोरिया पर 80-78 की बढ़त बना ली थी. हालांकि, तीसरे सेट में कोरिया ने वापसी की और चौथे सेट में perfect 40 अंक बनाते हुए स्कोर 157-157 से बराबर कर दिया. इसके बाद विजेता का फैसला करने के लिए मुकाबला शूट-ऑफ में गया. दबाव के क्षणों में भारतीय जोड़ी ने संयम दिखाया. चिकिथा और साहिल दोनों ने 10-10 अंक पर अचूक निशाना साधा, जबकि कोरियाई तीरंदाज आखिरी तीर पर 9 अंक ही हासिल कर सके और भारत ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की.
चिकिथा का दोहरा धमाका और ओलंपिक कोटा
इस एशियाई खेलों में चिकिथा तानीपार्थी का यह दूसरा स्वर्ण पदक है. इससे पहले उन्होंने प्रीथिका प्रदीप और ज्योति सुरेखा वेन्नम के साथ मिलकर महिला कंपाउंड टीम इवेंट के फाइनल में चीन को 238-234 से हराकर स्वर्ण पदक जीता था. इस नई खिताबी जीत के साथ भारत ने लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक का कोटा भी सुनिश्चित कर लिया है, जो देश के तीरंदाजी अभियान के लिए एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगा.
भारत की पदक तालिका पहुंची 54 के पार
कंपाउंड मिक्सड टीम का यह गोल्ड एशियाई खेल 2026 में भारत का आठवां स्वर्ण पदक है. इस जीत के साथ ही भारत की कुल पदक संख्या 54 पर पहुंच गई है, जिसमें 8 स्वर्ण, 21 रजत और 25 कांस्य पदक शामिल हैं. एशियाई खेलों के नॉकआउट सफर में मंगोलिया, कजाकिस्तान और थाईलैंड जैसी मजबूत टीमों को हराने वाली चिकिथा और साहिल की जोड़ी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि एशियाई महाद्वीप में कंपाउंड तीरंदाजी में भारत का दबदबा बरकरार है.