WHO से अमेरिका के बाहर होते ही कैलिफोर्निया ने चुना अलग रास्ता
डावोस । डेस्क: अमेरिका के विश्व स्वास्थ्य संगठन से औपचारिक रूप से बाहर होने के ठीक एक दिन बाद कैलिफोर्निया ने बड़ा फैसला लेते हुए WHO के ग्लोबल आउटब्रेक अलर्ट एंड रिस्पॉन्स नेटवर्क (GOARN) से जुड़ने की घोषणा की है. इसके साथ ही कैलिफोर्निया ऐसा करने वाला अमेरिका का पहला राज्य बन गया है.
कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूसम ने यह घोषणा स्विट्ज़रलैंड के डावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दौरान WHO प्रमुख टेड्रोस एडहानॉम घेब्रेयेसस से मुलाकात के बाद की. गवर्नर कार्यालय के अनुसार, यह कदम वैश्विक सार्वजनिक स्वास्थ्य सहयोग को मजबूत करने की दिशा में उठाया गया है.
GOARN, WHO द्वारा संचालित एक अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क है, जिसमें दुनिया भर के सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थान, प्रयोगशालाएँ, विश्वविद्यालय और आपात प्रतिक्रिया एजेंसियाँ शामिल हैं. इसका उद्देश्य उभरते संक्रामक रोगों और संभावित महामारियों की समय रहते पहचान और त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना है.
गवर्नर न्यूसम ने अमेरिका के WHO से बाहर होने के फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह निर्णय लापरवाह है और इससे अमेरिकी नागरिकों को नुकसान पहुँचेगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि कैलिफोर्निया वैश्विक स्वास्थ्य सुरक्षा से पीछे नहीं हटेगा.
राज्य सरकार के मुताबिक, फिलहाल कैलिफोर्निया डिपार्टमेंट ऑफ पब्लिक हेल्थ GOARN से जुड़ने वाली एकमात्र राज्य-स्तरीय अमेरिकी संस्था है, हालांकि अमेरिका के कुछ शैक्षणिक और शोध संस्थान अब भी इस नेटवर्क का हिस्सा हैं.
यह फैसला कैलिफोर्निया की हालिया सार्वजनिक स्वास्थ्य पहलों की कड़ी में देखा जा रहा है. दिसंबर 2025 में राज्य ने सार्वजनिक स्वास्थ्य ढांचे के आधुनिकीकरण के लिए पब्लिक हेल्थ नेटवर्क इनोवेशन एक्सचेंज शुरू किया था. इससे पहले सितंबर 2025 में कैलिफोर्निया, ओरेगन, वॉशिंगटन और हवाई ने मिलकर वेस्ट कोस्ट हेल्थ एलायंस का गठन किया था.
उल्लेखनीय है कि अमेरिका ने 70 वर्षों से अधिक समय बाद WHO से अपनी सदस्यता समाप्त कर दी है. अमेरिकी स्वास्थ्य विभाग ने COVID-19 महामारी से निपटने में WHO की भूमिका और सुधारों की कमी को इस फैसले का कारण बताया है.