भगवान शिव पर आपत्तिजनक टिप्पणी, छत्तीसगढ़ क्रिश्चियन फोरम के अरुण पन्नालाल हिरासत में
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भगवान शिव पर कथित आपत्तिजनक सोशल मीडिया टिप्पणी को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. विवादित पोस्ट के सामने आने के बाद देर रात रायपुर पुलिस ने छत्तीसगढ़ क्रिश्चियन फोरम के पदाधिकारी अरुण पन्नालाल को हिरासत में ले लिया. घटना के बाद स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पन्नालाल के आवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.
सोशल मीडिया पर टिप्पणी वायरल होते ही हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया. बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता पन्नालाल के घर के बाहर एकत्र हो गए, जहां उन्होंने जमकर नारेबाजी की और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की.
मामले की शुरुआत भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता अमित चिमनानी की शिकायत से हुई. चिमनानी ने सिविल लाइंस थाने में एफआईआर दर्ज कराई, जिसमें आरोप लगाया गया कि हंसराज गोयल नाम के एक व्यक्ति ने हिंदू देवी-देवताओं पर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. इसी सोशल मीडिया थ्रेड पर अरुण पन्नालाल ने भी अमर्यादित टिप्पणी की.
भाजपा नेताओं का कहना है कि पवित्र सावन माह के दौरान इस तरह की टिप्पणी से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं. वरिष्ठ बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की.
रायपुर पुलिस के अनुसार, स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में रखा गया है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच जारी है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस की एक टीम सोशल मीडिया थ्रेड से जुड़े हंसराज गोयल की भी तलाश कर रही है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.