शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

सेना की शिकायत और प्रशासन की अनदेखी, हाईकोर्ट में सुनवाई

C

CG Khabar

22 फ़र. 2025, 01:37 PM 3 मिनट में पढ़ें 1

सेना की जमीन पर अवैध खनन, हाईकोर्ट में सुनवाई
सेना की जमीन पर अवैध खनन, हाईकोर्ट में सुनवाई

बिलासपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में चकराभाटा एयरपोर्ट से नजदीक सेना की जमीन से अवैध रूप से मुरूम निकालकर बेचने के मामले में हाईकोर्ट ने दो सप्ताह बाद अगली सुनवाई की मियाद तय की है.


दरअसल राज्य सरकार ने शुक्रवार को सुनवाई के दौरान मुरुम के सैंपल की जांच रिपोर्ट पेश करने के लिए समय की मांग की थी. 


इस मामले पर सेना की तरफ से कोर्ट में अपना पक्ष रखते हुए यह बताया गया कि चकराभाटा एयरपोर्ट के विकास के लिए राज्य सरकार को आर्मी की जमीन सौंपने की प्रक्रिया के दौरान अवैध मुरुम खुदाई की जानकारी मिली थी. 


सेना ने इस बारे में जिला प्रशासन और पुलिस को कई बार जानकारी दी. 


अतिक्रमण और अवैध खनन रोकने के साथ ही जरूरत पड़ने पर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की, इसके बावजूद खनन नहीं रुका.


चकराभाटा एयरपोर्ट के पास रक्षा मंत्रालय की जमीन से लगभग 50 लाख घन मीटर मुरूम अवैध रूप से निकाली गई है, उससे सरकार को रॉयल्टी में 25 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है. 


इस मुरूम का उपयोग परसदा और आसपास की कॉलोनियों की सड़कों के निर्माण में किया गया है. इसको लेकर मीडिया में प्रकाशित खबरों के आधार पर हाईकोर्ट ने संज्ञान में लिया था. 


इसके बाद चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने इसे जनहित याचिका के रूप में दर्ज करते हुए सुनवाई शुरू की थी. हाईकोर्ट ने राज्य सरकार, रक्षा मंत्रालय और कॉलोनी संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था.


नोटिस के जवाब में सेना की तरफ से कर्नल अनुपम श्रीमाली ने हलफनामा प्रस्तुत किया है. इसके अनुसार 9 अप्रैल 2024 को सेना द्वारा प्रशासन को पत्र लिखकर इस बारे में अवगत कराया गया था. 


इसके अलावा 16 अप्रैल 2024 को मुख्यालय छत्तीसगढ़ और ओडिशा उपक्षेत्र के कमांडर ने एयरपोर्ट और चकराभाटा में आर्मी की जमीन का निरीक्षण किया था. 


इस दौरान आर्मी की जमीन की सुरक्षा, अतिक्रमण और अवैध खनन पर चर्चा हुई. सेना ने राजस्व अधिकारियों और पुलिस से अवैध गतिविधियों को रोकने की अपील की. 


इस संबंध में 30 अप्रैल को पत्र भी लिखा गया. इसके बाद 13 दिसंबर 2024 को कलेक्टोरेट बिलासपुर में बैठक हुई. 


इस बैठक में सेना की तरफ से कलेक्टर को सभी अवैध गतिविधियों को रोकने और जरूरत पड़ने पर एफआईआर दर्ज कराने को कहा गया.


ये सभी दस्तावेज सेना की तरफ से कोर्ट में पेश किये गये.


मुरुम का इस्तेमाल शहर में 
कोर्ट में यह बात भी सामने आई कि इस निकाली गई मुरूम का इस्तेमाल शहर के 54 कॉलोनी बिल्डर्स और ठेकेदारों ने किया है.

 

यह बात साफ होने के बाद हाईकोर्ट ने खनिज विभाग को मामले में पूरी जांच कर रिपोर्ट पेश करने के कड़े निर्देश दिए थे. 

 

मुख्य न्यायाधीश रमेश कुमार सिन्हा और न्यायाधीश रविन्द्र कुमार अग्रवाल की डिवीजन बेंच में इस मामले की सुनवाई चल रही है. 


कॉलोनाइजर ने कहा आरोप गलत
एक कॉलोनाइजर ने कोर्ट में हलफनामा प्रस्तुत कर बताया कि सेना की जमीन से निकाले गये मुरुम के उपयोग के आरोप बेबुनियाद हैं. 

 

उसने फॉर्च्यून एलिमेंट कॉलोनी के विकास के लिए सभी कानूनी मंजूरी ली गयी है. मुरुम अधिकृत स्रोतों से खरीदी गई है और रॉयल्टी का भुगतान किया गया है. 


यह है मामला 
रक्षा मंत्रालय ने आर्मी की छावनी के लिये एयरपोर्ट के पीछे तेलसरा में जमीन अधिगृहित की थी. अब यही जमीन रनवे के विकास के लिए राज्य सरकार को सौंपने पर सहमति बन गयी है. 

 

लगभग 250 एकड़ से ज्यादा जमीन का सीमांकन का काम भी पूरा हो चुका है. दूसरी तरफ इसी जमीन पर मुरुम की अवैध खुदाई का काम भी चल रहा है. 

 

क्षेत्र में बन रही ज्यादातर सभी वैध और अवैध कॉलोनियों में यहां से निकाले गये मुरुम का इस्तेमाल किया जा रहा है.
 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP