शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

आंध्र प्रदेश: टाटा-एर्नाकुलम एक्सप्रेस में आग, एक बुजुर्ग की मौत

C

CG Khabar

29 दिस. 2025, 06:44 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

रेलगाड़ी में आग
रेलगाड़ी में आग

अनाकापल्ली । डेस्क: आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ली जिले में सोमवार तड़के एक बड़ा ट्रेन हादसा हो गया. टाटा-एर्नाकुलम एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 18189) जब विजयवाड़ा डिवीजन के एलांचिली रेलवे स्टेशन के पास पहुंची, तब इसके दो एसी कोच (B-1 और M-2) भीषण आग की चपेट में आ गए. 


इस दुखद घटना में विजयवाड़ा के रहने वाले 75 वर्षीय यात्री चंद्रशेखर सुंदर की मौत हो गई, जबकि अन्य सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे.


रेलवे सूत्रों के अनुसार, हादसा सोमवार 29 दिसंबर, 2025 रात करीब 12:45 बजे हुआ. जब ट्रेन एलांचिली स्टेशन के पास थी, तब एक यात्री ने कोच से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं. मुस्तैदी दिखाते हुए यात्री ने तुरंत चेन पुलिंग की, जिससे ट्रेन स्टेशन पर रुक गई. शोर मचने पर कोच में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया और वे जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागे. 


बताया जा रहा है कि प्रभावित कोचों में कुल 158 यात्री सवार थे, जिनमें से 82 यात्री एक कोच में और 76 दूसरे कोच में यात्रा कर रहे थे.


आग इतनी भीषण थी कि B-1 और M-2 कोच पूरी तरह जलकर खाक हो गए. सूचना मिलते ही स्थानीय दमकल विभाग और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. एहतियात के तौर पर एक अन्य कोच (M-1) को भी ट्रेन से अलग कर दिया गया. 


रेलवे कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. प्रभावित यात्रियों को बसों के जरिए सामलकोट रेलवे स्टेशन भेजा गया, जहां से उनके आगे के सफर का इंतजाम किया गया. लगभग सात घंटे की देरी और गहन जांच के बाद ट्रेन में नए कोच जोड़कर उसे गंतव्य के लिए रवाना किया गया.


इस घटना पर राज्य की गृह मंत्री वी. अनिता और टीडीपी प्रदेश अध्यक्ष पल्ला श्रीनिवास राव ने गहरा शोक व्यक्त किया है. पूर्व मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी ने भी हादसे पर दुख जताते हुए सरकार से प्रभावितों को हर संभव मदद और घायलों के बेहतर इलाज की मांग की है. 


रेलवे ने परिजनों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं: एलांचिली (7815909386), अनाकापल्ले (7569305669), तुनी (7815909479), सामलकोट (7382629990), राजामहेंद्रवरम (0883-2420541/43), एलुरु (7569305268) और विजयवाड़ा (0866-2575167).

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP