गर्भवती महिला को लेकर आ रही एम्बुलेंस में लगी आग
बस्तर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के जगदलपुर मेडिकल कॉलेज डिमरापाल के परिसर में गर्भवती महिला को लेकर आ रही 108 एम्बुलेंस में अचानक से आग लग गई. एम्बुलेंस चालक व सहकर्मी ने सूझबूझ से पहले गर्भवती महिला को बाहर निकाला. उसे गर्भवती वार्ड भिजवाने के बाद आग को बुझाने में जुटे. अस्पताल के कर्मचारियों ने घंटों की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया.
जानकारी के मुताबिक आसना गांव निवासी एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा होने पर 108 एम्बुलेंस की मदद से मेकाज लेकर आ रहे थे.
एम्बुलेंस जैसे ही मेकाज के गेट को पार कर पोर्च तक पहुंचने ही वाली थी कि अचानक से वाहन में आग लग गई.
ड्राइवर ने सूझबूझ का परिचय देते हुए पहले एम्बुलेंस को वहीं रोक महिला को बाहर निकाला उसके बाद उसे वार्ड भिजवाने के बाद मदद की गुहार लगाई.
इस दौरान अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों से लेकर फायर मैन, इलेक्ट्रिशियन कर्मचारी मौके पर आ पहुंचे.
अस्पताल में मौजूद उपकरणों अग्निशमन यंत्र से घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.
तेज बारिश में भी अस्पताल के सभी कर्मचारी आग को बुझाने में लगे हुए थे. इधर महिला ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया है.
इस मामले में अधीक्षक डॉक्टर अनुरूप साहू का कहना था कि हमारे स्टाफ ने अस्पताल में लगे सभी सुरक्षा उपकरणों का सही समय पर उपयोग कर एक बड़ी घटना को होने से रोक दिया. जिसके लिए पूरी टीम बधाई की पात्र है.