शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

अंबिकापुर: युवक ने पड़ोसी के घर लगाई फांसी

C

CG Khabar

15 अप्रै. 2026, 03:58 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

फांसी लगाकर आत्महत्या
फांसी लगाकर आत्महत्या

अंबिकापुर । संवाददाता: अंबिकापुर के गांधीनगर थाना अंतर्गत सरगवां के मछलीपारा क्षेत्र में एक 25 वर्षीय युवक द्वारा आत्महत्या का दुखद मामला सामने आया है. मृतक की पहचान रवि राय के रूप में हुई है, जिसने सोमवार की रात अपने पड़ोसी के घर में फांसी लगाकर जान दे दी.


मिली जानकारी के अनुसार, रवि का सोमवार शाम अपने परिजनों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. घर के तनावपूर्ण माहौल के कारण वह अपने पड़ोसी अनूप विश्वास के घर चला गया और वहां रात बिताने के लिए जगह मांगी. रवि अक्सर अनूप की दुकान पर काम किया करता था, जिसके चलते अनूप ने उसे अपने घर का एक कमरा सोने के लिए दे दिया.


अगली सुबह जब काफी देर तक रवि कमरे से बाहर नहीं निकला, तो अनूप ने उसे आवाज दी. अंदर से कोई प्रतिक्रिया न मिलने और दरवाजा बंद होने पर अनूप ने रवि के मोबाइल पर कॉल किया, जिसे उसके भाई ने उठाया. इसके बाद परिजनों की मौजूदगी में जब कमरे का दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर रवि का शव छत के हुक से लटका मिला.


घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पुलिस के शुरुआती आकलन के अनुसार, रवि पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान था और अक्सर घर में विवाद करता था. इसी मानसिक तनाव के चलते वह कई बार रात में घर के बजाय बाहर सोता था. हालांकि, आत्महत्या के सटीक कारणों का खुलासा अभी नहीं हो पाया है, पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP