शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

अंबिकापुर हत्याकांड: कांग्रेस ने निकाला कैंडल मार्च

C

CG Khabar

08 अप्रै. 2026, 03:35 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

कैंडल मार्च-अंबिकापुर
कैंडल मार्च-अंबिकापुर

अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में कानून व्यवस्था की स्थिति और हाल ही में हुई महिला की नृशंस हत्या के विरोध में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है. मंगलवार शाम को राजीव भवन से सद्भावना चौक तक 'मौन कैंडल मार्च' निकालकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया. 


अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य आदित्येश्वर शरण सिंहदेव और युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव लिली श्रीवास के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में पीड़ित महिला को श्रद्धांजलि दी गई और फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की गई.


गौरतलब है कि 2-3 अप्रैल की दरमियानी रात अंबिकापुर रिंग रोड स्थित एक मटन शॉप में एक महिला की बलात्कार के बाद बेहद क्रूरता से हत्या कर दी गई थी. 


पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आई दरिंदगी ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा आईजी दीपक कुमार झा ने आरोपी पर 30 हजार रुपये और एसएसपी राजेश अग्रवाल ने 5 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है.


प्रदर्शन के दौरान आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में पिछले कुछ समय से नशे का कारोबार और महिला अपराध तेजी से बढ़े हैं. 


उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के संरक्षण में अफीम जैसी फसलों की खेती हो रही है, जिससे अपराधों को बढ़ावा मिल रहा है. वहीं, लिली श्रीवास ने इस घटना की तुलना दिल्ली के निर्भया कांड से करते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए.


कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने चिंता जताई कि पुलिस जिस आरोपी को 'साइको' बता रही है, उसका खुलेआम घूमना समाज के लिए बड़ा खतरा है. 


पुलिस की जांच में आरोपी की पहचान मिथुन उर्फ पांडा के रूप में हुई है, जिसकी तलाश के लिए पांच अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं. 


सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस को अंदेशा है कि आरोपी रेलवे स्टेशन के रास्ते शहर से बाहर भाग गया है. फिलहाल, घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी का पकड़ से बाहर होना पुलिस प्रशासन की सक्रियता पर सवालिया निशान खड़े कर रहा है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP