अंबिकापुर: निजी स्कूलों की मनमानी पर एक्शन, भारी जुर्माना
अंबिकापुर । संवाददाता: अंबिकापुर में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही निजी स्कूलों द्वारा अभिभावकों पर थोपी जा रही मनमानी के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है.
हाल ही में एसडीएम के नेतृत्व में शहर के मोंटफोर्ट स्कूल और बिरला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल का औचक निरीक्षण किया गया, जहां अभिभावकों के साथ हुई बैठक में गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं.
जांच के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश झा ने पाया कि ये स्कूल कक्षा पहली से आठवीं तक की किताबें और कॉपियां विशेष रूप से चुनिंदा दुकानों, आशा बुक डिपो और राणा ब्रदर्स से ही खरीदने के लिए दबाव बना रहे थे.
इन दुकानों पर बकायदा किताबों के बंडल बनाकर बेचे जा रहे थे, जिसकी पुष्टि जांच में पूरी तरह से हो चुकी है.
इस गंभीर लापरवाही और व्यावसायिक मिलीभगत को देखते हुए प्रशासन ने कड़ा फैसला लिया है, जिसके तहत दोषी पाए गए दोनों स्कूलों पर उनकी कुल फीस की 50 प्रतिशत राशि के बराबर भारी जुर्माना लगाने की कार्यवाही की जा रही है. प्रशासन की इस सख्ती से क्षेत्र के अन्य निजी शिक्षण संस्थानों में हड़कंप मच गया है.