शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

अमेज़न में AI के कारण 16,000 और कर्मचारियों की छंटनी होगी

C

CG Khabar

28 जन. 2026, 07:51 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

Amazone
Amazone

सीएटल । डेस्क: दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनी अमेज़न ने अपने पुनर्गठन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर बढ़ती निर्भरता के चलते 16,000 और कर्मचारियों की छंटनी करने की घोषणा की है. पिछले तीन महीनों में यह कंपनी की ओर से कटौती की दूसरी बड़ी लहर है. 


इससे पहले अक्टूबर में भी अमेज़न ने 14,000 पदों को खत्म किया था. रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, ताज़ा कटौती मुख्य रूप से प्राइम वीडियो, अमेज़न वेब सर्विसेज और मानव संसाधन विभाग के कॉर्पोरेट स्तर के कर्मचारियों को प्रभावित करेगी.

विज्ञापन


अमेज़न की सीनियर वाइस प्रेसिडेंट बेथ गैलेटी ने एक आधिकारिक मेमो में स्पष्ट किया कि प्रभावित अमेरिकी कर्मचारियों के पास कंपनी के भीतर ही नई भूमिका खोजने के लिए 90 दिनों का समय होगा. जो कर्मचारी नई भूमिका नहीं ढूंढ पाएंगे, उन्हें कंपनी की ओर से सेवरेंस पे, स्वास्थ्य बीमा और अन्य ट्रांज़िशन सहायता प्रदान की जाएगी. 


यह कदम अमेज़न के उस व्यापक पुनर्गठन का हिस्सा है जिसके तहत कंपनी ने अपने 70 से अधिक 'अमेज़न गो' और 'अमेज़न फ्रेश' स्टोर बंद करने का भी फैसला किया है, जिनमें से कुछ को 'होल फूड्स' में बदला जाएगा.


कंपनी के सीईओ एंडी जेसी ने पहले ही संकेत दिया था कि जेनरेटिव AI में निवेश के कारण कॉर्पोरेट कार्यबल में कमी आ सकती है, क्योंकि AI के माध्यम से कार्यक्षमता और दक्षता में वृद्धि हुई है. 


डेटा के मुताबिक, साल 2025 में अब तक सेल्सफोर्स और डुओलिंगो जैसी कंपनियों सहित टेक क्षेत्र के 1 लाख 23 हज़ार से अधिक कर्मचारी अपनी नौकरी गंवा चुके हैं. केवल टेक ही नहीं, बल्कि लॉजिस्टिक्स क्षेत्र की बड़ी कंपनी UPS ने भी अमेज़न के साथ डिलीवरी कम होने के कारण 30,000 नौकरियों में कटौती और 24 केंद्रों को बंद करने का एलान किया है.


इस खबर के बाद अमेज़न के शेयरों में दोपहर के कारोबार के दौरान मामूली गिरावट देखी गईी

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP