शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

पहलगाम हमले के तीनों आतंकी ढेर: अमित शाह

C

CG Khabar

29 जुल. 2025, 08:39 AM 2 मिनट में पढ़ें 3

अमित शाह
अमित शाह

नई दिल्ली । डेस्क: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को लोकसभा में जानकारी दी कि पहलगाम आतंकी हमले में शामिल तीन आतंकवादियों को सुरक्षा बलों ने ऑपरेशन महादेव के तहत मार गिराया है. यह संयुक्त अभियान भारतीय सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने श्रीनगर के पास दाचीगाम नेशनल पार्क के हरवान क्षेत्र में चलाया था.


अमित शाह ने लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के दौरान बताया कि मारे गए आतंकवादी सुलेमान उर्फ फैजल, अफगान और जिबरान पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के ए-श्रेणी के आतंकवादी थे. 


उन्होंने कहा, “ये तीनों आतंकवादी बैसारन घाटी में हमारे नागरिकों की हत्या के जिम्मेदार थे. इन्हें सुरक्षा बलों ने ढेर कर दिया.”


शाह ने आगे बताया कि इन आतंकवादियों को खाना और अन्य सहायता प्रदान करने वाले लोगों को पहले ही हिरासत में लिया गया था. मारे गये आतंकवादियों के शवों को श्रीनगर लाया गया, जहां हिरासत में लिये गये उनके सहयोगियों ने उनकी पहचान की पुष्टि की.


गृह मंत्री ने यह भी खुलासा किया कि आतंकवादियों के पास से बरामद हथियारों का फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी रिपोर्ट से मिलान किया गया, जो पाहलगाम हमले में इस्तेमाल किये गये कारतूसों से मेल खाता था. 


शाह ने कहा, “हमले के कारतूसों की फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी रिपोर्ट पहले से तैयार थी. कल इन आतंकवादियों के हथियार जब्त किये गये और उनका मिलान किया गया. चंडीगढ़ में अतिरिक्त जांच के बाद यह पुष्टि हुई कि ये वही आतंकवादी थे, जिन्होंने पाहलगाम हमले को अंजाम दिया.”


इस महत्वपूर्ण उपलब्धि की घोषणा करते हुए शाह ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा, “मैं उम्मीद कर रहा था कि पहलगाम के आतंकवादियों के मारे जाने की खबर सुनकर विपक्ष खुश होगा, लेकिन ऐसा लगता है कि वे इस खबर से प्रसन्न नहीं हैं.” 


उन्होंने इस सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देते हुए कहा, “मोदी जी ने उन लोगों को निष्प्रभावी किया, जिन्होंने आतंकवादियों को भेजा था, और आज हमारे सुरक्षा बलों ने हत्यारों को मार गिराया.”


यह ऑपरेशन जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ चल रही मुहिम में एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP