आज बंद रहेंगे बैंक
बैंक हड़ताल 12 फरवरी: गुरुवार को बंद रहेंगे बैंक
नई दिल्ली । डेस्क: देशभर के प्रमुख बैंक संगठनों ने 12 फरवरी 2026, गुरुवार को राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है, जिससे बैंकिंग सेवाओं में व्यवधान आने की संभावना है. ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉइज एसोसिएशन (AIBEA), ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन (AIBOA) और बैंक एम्प्लॉइज फेडरेशन ऑफ इंडिया (BEFI) जैसे बड़े संगठनों ने 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के साथ मिलकर इस हड़ताल का फैसला लिया है.
यह विरोध मुख्य रूप से सरकार द्वारा लाए गए चार नए श्रम कोड और कामकाजी वर्ग पर बढ़ते दबाव के खिलाफ किया जा रहा है. बैंक यूनियनों का तर्क है कि ये नए नियम श्रमिकों के हितों के खिलाफ हैं और ट्रेड यूनियनों के पंजीकरण की शर्तों को काफी कड़ा बना देते हैं.
हालांकि, भारतीय रिजर्व बैंक या किसी अन्य बैंक ने 12 फरवरी को आधिकारिक छुट्टी घोषित नहीं की है, जिसका अर्थ है कि बैंक तकनीकी रूप से खुले रहेंगे.
इसके बावजूद, बैंक ऑफ बड़ौदा और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) को सूचित किया है कि यदि हड़ताल होती है, तो उनकी शाखाओं और कार्यालयों के कामकाज पर सीमित असर पड़ सकता है.
बैंकों ने ग्राहकों को आश्वासन दिया है कि वे सुचारू कामकाज सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठा रहे हैं, लेकिन फिर भी बैंक शाखाओं में सेवाओं में देरी या रुकावट की आशंका बनी हुई है.