दुनिया के 50 सबसे गर्म शहरों की सूची में सभी भारत के
नई दिल्ली । डेस्क: उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में मौसम विभाग द्वारा भीषण लू का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार आगामी सप्ताह में तापमान में और अधिक वृद्धि होने की संभावना है. देश के एक बड़े हिस्से में पड़ रही इस भीषण गर्मी के बीच शुक्रवार को दुनिया के 50 सबसे गर्म शहरों की सूची जारी की गई है, जिसमें चौंकाने वाली बात यह है कि इस सूची के सभी 50 शहर भारत के ही हैं.
एक्यूआई डॉट इन (AQI.in) की तापमान रैंकिंग के अनुसार, इस वैश्विक सूची में सबसे ज्यादा शहर उत्तर प्रदेश के हैं. दुनिया के 50 सबसे गर्म शहरों में से अकेले उत्तर प्रदेश के 26 शहर शामिल हैं, जिनमें प्रयागराज 44 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य में सबसे गर्म रहा. इसके अलावा वाराणसी, बांदा, बरेली और अयोध्या जैसे शहरों में शुक्रवार दोपहर तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया.
इस सूची में शीर्ष स्थान पर ओडिशा का बलांगीर शहर रहा, जहाँ शुक्रवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. 50 शहरों की इस सूची में उत्तर प्रदेश के अलावा हरियाणा के पांच, छत्तीसगढ़ के पांच, तेलंगाना के चार, ओडिशा और महाराष्ट्र के दो-दो, मध्य प्रदेश के दो, बिहार के दो, जबकि आंध्र प्रदेश और उत्तराखंड का एक-एक शहर शामिल है.
मौसम वैज्ञानिकों ने लू के इस व्यापक प्रभाव को एक विशाल 'हीट डोम' के रूप में परिभाषित किया है, जिसका असर ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा और महाराष्ट्र तक देखा जा रहा है.
महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र के कई शहरों में सप्ताहांत में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस को पार करने का अनुमान है. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम, उत्तर और मध्य भारत में 27 मई तक भीषण लू की यह स्थिति बनी रहेगी.
इससे पहले बीते मंगलवार को भी भारत में गर्मी का एक नया रिकॉर्ड बना था, जब एक्यूआई डॉट इन की लाइव रैंकिंग में दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में सभी के सभी शहर भारत के ही थे. उस सूची में नई दिल्ली, फरीदाबाद, चंडीगढ़, आगरा, कोटा और रायपुर जैसे मैदानी शहरों के साथ-साथ जम्मू और उत्तराखंड का हिमालयी शहर हरिद्वार भी शामिल था.